एमआई बनाम आरसीबी: मैच से पहले वानखेड़े में आशा भोसले को दी गई श्रद्धांजलि


मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच सीजन के 20वें मैच की शुरुआत से पहले, महान गायिका आशा भोसले को एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। 92 वर्ष की आयु में मशहूर गायिका दुनिया को अलविदा कह गईं।

रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद फैंस ने खिलाड़ियों के साथ मिलकर एक मिनट का मौन रखा। मुंबई इंडियंस की टीम महान गायिका के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए काली पट्टी बांधे हुए है।

आशा भोसले, अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर के साथ भारतीय क्रिकेट की बहुत बड़ी प्रशंसक और समर्थक रहीं। क्रिकेट जगत ने आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर महान गायिका को श्रद्धांजलि दी, जिनकी मंत्रमुग्ध कर देने वाली सुरीली आवाज ने 7 दशकों से भी अधिक समय तक उन्हें सुकून दिया है।

टॉस गंवाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी। आरसीबी की पारी में स्टेडियम के साउंड सिस्टम पर मैच के दौरान मिलने वाले ब्रेक (जैसे कि पावर-प्ले के अंत में मिलने वाले लंबे ब्रेक) के समय आशा भोसले के गाए गए कई मशहूर गाने बजाए गए।

भारतीय क्रिकेट जगत ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कालजयी आवाज कभी फीकी नहीं पड़ेगी और उनकी धुनें हमेशा गूंजती रहेंगी।

गायिका को शनिवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो सका। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

मुंबई में खेले जा रहे इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस दो बदलावों के साथ मैदान पर उतरी है। मिचेल सेंटनर को अल्लाह गजनफर की जगह मौका दिया गया है, जबकि मयंक मारकंडे को दीपक चाहर के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है। वहीं, आरसीबी की टीम जोश हेजलवुड की जगह पर जैकब डफी के साथ मैदान पर उतरी है।

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मारकंडे और जसप्रीत बुमराह के साथ इस मैच में खेल रही है।

दूसरी तरफ, रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी और सुयश शर्मा के साथ यह मुकाबला खेल रही है।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button