स्मृति सिन्हा की फिल्म 'जेठानी की अरेंज मैरिज, देवरानी की लव मैरिज' का ट्रेलर इस दिन होगा लॉन्च


मुंबई, 16 फरवरी (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री स्मृति सिन्हा की आगामी फिल्म ‘जेठानी की अरेंज मैरिज, देवरानी की लव मैरिज’ जल्द ही रिलीज होगी। सोमवार को अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए ट्रेलर रिलीज की जानकारी दी।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में स्मृति के साथ उनके सह-कलाकार भी नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर प्रतीत होता है कि यह एक कॉमेडी फिल्म हो सकती है।

अभिनेत्री ने लिखा, “फिल्म ‘जेठानी की अरेंज मैरिज, देवरानी की लव मैरिज’ का ट्रेलर 21 फरवरी को सुबह 8 बजे बी4यू भोजपुरी यूट्यूब चैनल पर आएगा।”

यह एक पारिवारिक ड्रामा फिल्म है, जिसके निर्माता संदीप सिंह और नीलाभ तिवारी हैं। प्रवीण कुमार गुडुरी द्वारा निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह कहानी पारिवारिक मूल्यों और विवाह की दो अलग-अलग परंपराओं पर आधारित है।

फैंस को स्मृति का पोस्ट काफी पसंद आ रहा है। अब वे ट्रेलर लॉन्च का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

स्मृति का नाम भोजपुरी सिनेमा की उन अभिनेत्रियों में शुमार है, जिन्होंने इंडस्ट्री के सभी बड़े सितारों रवि किशन, दिनेश लाल यादव, खेसारी लाल यादव, पवन सिंह, और प्रदीप पांडेय चिंटू के साथ काम किया है।

स्मृति ने फिल्म ‘रंगीला बाबू’ से करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे ‘प्यार बिना चैन कहां रे’, ‘बंधन’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘सौगंध गंगा मैया के’, ‘देवरा पर मनवा डोले’, और ‘प्यार झुकता नहीं’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। इसी के साथ ही, अभिनेत्री को कुछ टीवी सीरियल में भी देखा जा चुका है, जिनमें ‘जय मां वैष्णो देवी’ (2008), ‘वक्त बताएगा कौन अपना कौन पराया’ (2008), और ‘जाने पहचाने से… ये अजनबी’ शामिल हैं। इसी के साथ ही, अभिनेत्री टीवी सीरियल ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ में ‘गांधारी’ की भूमिका में नजर आईं थीं। उनके इस किरदार ने काफी सराहना बटोरी थी।

अभिनेत्री ने साल 2024 में पंकज सिंह के साथ दूसरी शादी की थी। इससे पहले उन्होंने साल 2017 में एक्टर गौतम गुप्ता से शादी की थी। हालांकि, ज्यादा समय ये रिश्ता चल नहीं पाया था और बाद में दोनों अलग हो गए थे।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Show More
Back to top button