बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी और यूएई में 12वीं की तीन परीक्षाएं स्थगित

नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, यानी सीबीएसई, ने मध्य पूर्व एशिया के विभिन्न देशों में आयोजित होने वाली 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक नया सर्कुलर जारी किया है। ओमान में भारतीय दूतावास ने बोर्ड के हवाले से ईरान-इजरायल युद्ध के मद्देनजर बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित संबद्ध विद्यालयों में 9, 10 और 11 मार्च को होने वाली 12वीं बोर्ड परीक्षा को फिलहाल के लिए टाल दिया है।
ओमान में भारतीय दूतावास ने कहा, “सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 7 मार्च को जीसीसी में 12वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा के बारे में एक सर्कुलर जारी किया है। प्रभावित देश बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई हैं। यह 01.03.2026, 03.03.2026 और 05.03.2026 के सर्कुलर का अगला हिस्सा है।”
एडवाइजरी के अनुसार, मिडिल ईस्ट (बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई) के कुछ हिस्सों में मौजूदा हालात का गंभीरता से समीक्षा करने के बाद, बोर्ड ने क्लास 12वीं के लिए 9 मार्च 2026 (सोमवार), 10 मार्च 2026 (मंगलवार) और 11 मार्च (बुधवार) को होने वाले एग्जाम को टालने का फैसला किया है। नई तारीखें बाद में बताई जाएंगी। बोर्ड 10 मार्च को स्थिति की समीक्षा करेगा और 12 मार्च से होने वाली परीक्षाओं के बारे में सही फैसले लेगा।
दूतावास ने स्टूडेंट्स से अपील की है कि अपने स्कूलों के साथ लगातार संपर्क में रहें, सिर्फ सीबीएसई के आधिकारिक घोषणाओं को फॉलो करें और अनौपचारिक सोर्स या अफवाहों पर भरोसा करने से बचें।
इससे पहले बोर्ड ने जो एडवाइजरी जारी की थी, उसके अनुसार बोर्ड ने ईरान-इजरायल युद्ध के मद्देनजर फिलहाल यहां अगली दो और बोर्ड परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला किया था। मंगलवार, 3 मार्च, को यह निर्णय इस पूरे क्षेत्र के वर्तमान गंभीर हालात की समीक्षा के बाद लिया गया। बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार 5 मार्च (गुरुवार) और 6 मार्च (शुक्रवार) को निर्धारित कक्षा 10 और कक्षा 12 सीबीएसई बोर्ड की सभी परीक्षाएं फिलहाल मध्य पूर्व के इन देशों में स्थगित कर दी गई हैं।
बोर्ड का कहना है कि इन देशों के लिए नई परीक्षा तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 5 मार्च को स्थिति की एक बार फिर से समीक्षा की जाएगी। पांच मार्च को होने वाली इस समीक्षा में बोर्ड 7 मार्च से निर्धारित शेष परीक्षाओं के संबंध में आगे का निर्णय लेगा।
बोर्ड का कहना है कि उस समय की परिस्थितियों के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। बोर्ड ने बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों व सभी विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए अपने-अपने विद्यालयों व सीबीएसई के संपर्क में बने रहें। साथ ही बोर्ड ने केवल आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है।
–आईएएनएस
केके/डीकेपी