वो 3 खिलाड़ी, जिन्होंने 7 या उससे ज्यादा फ्रेंचाइजी के लिए आईपीएल खेला


नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 19वां सीजन खेला जा रहा है। आइए, उन 3 खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने अब तक 7 या उससे ज्यादा फ्रेंचाइजी की ओर से इस लीग में खेला है।

आरोन फिंच: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने आईपीएल करियर में अब तक सर्वाधिक 9 टीमों की ओर से खेला है। फिंच साल 2009/10 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेले, जिसके बाद साल 2011 और 2012 में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से मैदान पर उतरे।

आईपीएल 2013 में फिंच ने पुणे वॉरियर्स इंडिया की ओर से 14 मैच खेले, जबकि आईपीएल 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से 13 मुकाबलों में उतरे। साल 2015 में फिंच मुंबई इंडियंस के खेमे में पहुंचे, जहां 3 मैच खेले। अगले दो सीजन उन्होंने गुजरात लायन्स के लिए 13-13 मुकाबले खेले। साल 2018 में फिंच पंजाब किंग्स और साल 2020 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेले। आईपीएल 2022 में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स का साथ मिला।

जयदेव उनादकट: भारत के इस तेज गेंदबाज ने अब तक 8 फ्रेंचाइजी की तरफ से आईपीएल खेला है। 2009/10, 2011 और 2012 में उनादकट कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की तरफ से खेले, जिसके बाद अगले दो सीजन दिल्ली कैपिटल्स का दामन थामा। साल 2016 में एक बार फिर केकेआर के लिए खेले, लेकिन इस पूरे सीजन सिर्फ 1 ही मैच की प्लेइंग इलेवन में नजर आए।

साल 2018 से 2021 तक उनादकट राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में नजर आए। आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस से जुड़ने के बाद अगले साल इस तेज गेंदबाज ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेला। पिछले तीन सीजन उनादकट सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेले हैं।

मनीष पांडे: इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने साल 2008 में मुंबई इंडियंस की ओर से 3 मैच खेले, जिसके बाद अगले दो सीजन आरसीबी की जर्सी में नजर आए। साल 2011 से 2013 के बीच पुणे वॉरियर्स इंडिया की तरफ से खेलने के बाद साल 2014 से 2017 के बीच केकेआर के लिए खेला।

साल 2019 में पांडे सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े। यहां उन्होंने चार सीजन खेले और साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़कर 6 मुकाबलों में खेलते नजर आए। आईपीएल 2024 और 2025 में इस खिलाड़ी ने केकेआर के लिए कुल 4 मैच खेले।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button