थॉमस और उबर कप फाइनल में भारत की अगुवाई करेंगे ये दिग्गज खिलाड़ी

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) ने 2026 थॉमस और उबर कप फाइनल के लिए अनुभवी खिलाड़ियों और फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ियों का एक मिश्रित दल चुना है। पुरुषों की टीम को डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सहारा मिलेगा, जबकि सिंगल्स में लक्ष्य सेन अगुवाई करेंगे। उबर कप टीम में अलग-अलग दौर के खिलाड़ियों का मेल देखने को मिलेगा। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु, उभरती हुई पीढ़ी का नेतृत्व करेंगी, जिसमें उन्नति हुड्डा जैसी होनहार खिलाड़ी शामिल हैं।
यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट डेनमार्क के हॉर्सेंस में 24 अप्रैल से 3 मई तक आयोजित किया जाएगा। आने वाला थॉमस कप इस टूर्नामेंट का 34वां संस्करण होगा, जबकि उबर कप अपने 31वें संस्करण के लिए वापसी कर रहा है।
पुरुषों की टीम ने उस मुख्य दल को बरकरार रखा है जिसने 2022 में भारत को ऐतिहासिक थॉमस कप का खिताब दिलाया था। इसमें सेन, श्रीकांत और एचएस प्रणॉय सिंगल्स की अगुवाई करेंगे, और उनके साथ डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्थापित जोड़ी होगी। युवा शटलर आयुष शेट्टी को सीनियर सर्किट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद पहली बार टीम में जगह मिली है।
महिलाओं की प्रतियोगिता में, सिंधु भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी, उनके साथ डबल्स की शीर्ष जोड़ी गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली होंगी। टीम का लक्ष्य अपने पिछले सेमीफाइनल प्रदर्शन को बेहतर बनाना है। हुड्डा के साथ फॉर्म में चल रही युवा खिलाड़ियों का एक समूह भी शामिल है, जिसमें देविका सिहाग, इशारानी बरुआ और किशोरी तन्वी शर्मा शामिल हैं।
खिलाड़ियों का चयन 10 मार्च (सप्ताह 11) तक की बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग के आधार पर किया गया, जिसमें शीर्ष पांच सिंगल्स खिलाड़ियों और शीर्ष दो डबल्स जोड़ियों को जगह मिली। टीम के तालमेल को ध्यान में रखते हुए कुछ अतिरिक्त खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया। इनमें ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें डबल्स के अलग-अलग प्रारूपों में उनके अनुभव के आधार पर टीम में जगह मिली है।
पुरुष टीम में एमआर अर्जुन की भी वापसी हुई है। चोट से उबरने के बाद लगातार अच्छे नतीजों के दम पर उन्होंने वापसी की है, और हरिहरन अमसकारुणन के साथ मिलकर डबल्स लाइनअप को मजबूती दी है। ध्रुव डबल्स लाइनअप को अतिरिक्त सहयोग और अनुभव देते हैं, जबकि किरण जॉर्ज सिंगल्स में टीम को और गहराई प्रदान करते हैं।
महिला टीम में, देविका का चयन इस साल की शुरुआत में थाईलैंड मास्टर्स में खिताब जीतने के उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है, जबकि इशारानी ओरलियन्स मास्टर्स में सेमीफाइनल तक पहुंचने के बाद टीम में शामिल हुई हैं। तन्वी इस खेल की सबसे होनहार खिलाड़ियों में से एक के तौर पर अपनी पहचान लगातार मजबूत कर रही हैं, वहीं हुड्डा ने अपनी तेजी से हुई प्रगति के दम पर अब तक तीन सीनियर खिताब अपने नाम कर लिए हैं।
डबल्स लाइनअप में कविप्रिया सेल्वम भी अपना डेब्यू करने के लिए तैयार हैं, जिससे टीम को एक नई गहराई मिलेगी। कविप्रिया, सिमरन सिंघी के साथ जोड़ी बनाएंगी, और तनीषा क्रास्टो इस डबल्स यूनिट को पूरा करेंगी।
2022 के थॉमस कप विजेता भारत को ग्रुप ए में मौजूदा चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन, पैन एम चैंपियन कनाडा और ओशिनिया चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के साथ रखा गया है।
हालांकि, महिला टीम के लिए नॉकआउट चरणों तक पहुंचने का रास्ता थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि उन्हें यूरोपीय टीम चैंपियनशिप की उपविजेता डेनमार्क, कांस्य पदक विजेता यूक्रेन और मौजूदा चैंपियन चीन के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है।
2024 में चेंगदू में आयोजित थॉमस और उबर कप के पिछले संस्करण में, भारतीय पुरुष टीम क्वार्टर फाइनल में आखिरकार विजेता बनी चीन की टीम से हार गई थी, जबकि महिला टीम को भी क्वार्टर फाइनल में जापान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। थॉमस कप में इंडोनेशिया 14 खिताबों के साथ सबसे सफल टीम है, जबकि उबर कप में चीन 16 खिताबों के साथ सबसे सफल टीम है।
पुरुष टीम: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय, किरण जॉर्ज, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी, हरिहरन एम्सकरुनन, एमआर अर्जुन, ध्रुव कपिला।
महिला टीम: पीवी सिंधु, उन्नति हुडा, तन्वी शर्मा, देविका सिहाग, ईशारानी बरुआ, ट्रीसा जॉली, गायत्री गोपीचंद पुलेला, कविप्रिया सेल्वम, सिमरन सिंघी, तनीषा क्रास्टो।
–आईएएनएस
आरएसजी