'दुनिया बाजार नहीं, परिवार है': स्वामी अवधेशानंद गिरि


हरिद्वार, 2 फरवरी (आईएएनएस)। हरिद्वार में 4 से 5 फरवरी तक संतों, सत्ता और संस्कृति का भव्य संगम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

हाल ही में स्वामी अवधेशानंद गिरि ने आयोजन को लेकर आईएएनएस से बातचीत की और कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी।

उन्होंंने कहा, “पूज्य गुरुदेव की समाधि स्थल पर एकता, समन्वय और सनातन संस्कृति के संदेश को फैलाने के लिए बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर पूरे भारत के वरिष्ठ धार्मिक नेता, संत, विचारक, विद्वान और शास्त्रार्थी पहुंचेंगे। कार्यक्रम में देश के प्रमुख राजनीतिक हस्तियां भी शामिल होने वाली हैं, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल और कई अन्य राज्यों के राज्यपाल शामिल होने की संभावना है।”

उन्होंने आगे कहा कि यह कार्यक्रम गुरुदेव की समाधि मंदिर परिसर में आयोजित करवाया जाएगा, जहां पर एकता का मजबूत संदेश देने के लिए विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इसमें अलग-अलग क्षेत्रों से कलाकार, चित्रकार, साहित्यकार, लेखक और विचारक पहुंच रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि यहां पर इंग्लैंड और अमेरिका से प्रतिभागी शामिल होंगे। भारत के विभिन्न हिस्सों से आए लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं।”

उन्होंने सनातन धर्म की एकता पर जोर देते हुए कहा, “कार्यक्रम की मुख्य भावना सनातन धर्म की एकता पर आधारित है। सनातन सभी में एकता देखता है। यहां सभी जातियां समान हैं, सभी जातियां महान हैं, क्योंकि हम सब भगवान की संतान हैं। तो जो संदेश हम यहां से देना चाहते हैं, वह सनातन का है। हम सब एक आत्मा हैं, हम सब एक परिवार का हिस्सा हैं। पश्चिमी दुनिया कहती है कि दुनिया एक बाजार है और हमारे संतों ने कहा कि दुनिया एक परिवार है, इसलिए हम यहां से एकता का संदेश दे रहे हैं।”

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Show More
Back to top button