घर के खुलेंगे राज, जब बहू बनेगी जासूस, आम्रपाली दुबे की फिल्म 'सीआईडी बहू' का ट्रेलर रिलीज


मुंबई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की आगामी फिल्म ‘सीआईडी बहू’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ट्रेलर रिलीज की जानकारी दी।

भोजपुरी सिनेमा टीवी ने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया। इस पोस्टर में आम्रपाली के साथ बाकी अन्य कलाकार भी नजर आ रहे हैं। पोस्टर शेयर कर लिखा, “घर और परिवार के राज खुलेंगे, जब बहू बनेगी सीआईडी तो हिलेगा ससुराल। देखिए आम्रपाली के साथ हाई वोल्टेज फैमिली एंटरटेनमेंट फिल्म ‘सीआईडी बहू’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। भोजपुरी सिनेमा के यूट्यूब चैनल पर जाकर देखें।”

फिल्म का ट्रेलर काफी रोमांचक और मनोरंजक है। इसकी कहानी परिवार के अंदर छिपे राजों को बेनकाब करने पर आधारित है, जो आम्रपाली के जासूसी स्टाइल में खुलती है।

4 मिनट 29 सेकंड के ट्रेलर में आम्रपाली दुबे एक ऐसी बहू का किरदार अदा कर रही हैं, जो परिवार के हालातों को ठीक करती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि आम्रपाली जिस घर में शादी करके आती है, वो आर्थिक तंगी का सामना करता है। इसका मुख्य कारण उसके जेठ-जेठानी होते हैं, जो खेत और दुकान की चीजें चुपके-चुपके बेचकर पैसे कमा रहे होते हैं, जब आम्रपाली को इस धोखाधड़ी का पता चलता है, तो वह चालाकी से अपने फोन में सबूत इकट्ठा करती है और बाद में अपनी सास को सच्चाई दिखाती है।

फिल्म में मनोरंजन के साथ घरेलू घोटालों, ससुराल की साजिशों और बहू के साहस को दिखाया गया है। इस फिल्म की कास्ट काफी दिलचस्प है। इसमें सभी कलाकार काफी मंझे हुए हैं, जिनमें आम्रपाली दुबे के साथ राज सिंह राजपूत, पूजा ठाकुर, अयाज खान, साहिल सिद्दीकी, श्वेता वर्मा, रंभा साहनी, विद्या सिंह, संजीव के मिश्रा, ससिता रॉय, निहाल सिंह और शियान्श सिंह कलाकार शामिल हैं।

निर्माता प्रेम राय, कथा व निर्देशक अनंजय रघुराज, पटकथा व संवाद अरबिंद तिवारी, और सह-निर्माता शाइस्ता खान हैं। संगीत साजन मिश्रा ने दिया है, जबकि इसके गीत के बोल ओम झा ने लिखे हैं।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Show More
Back to top button