नीतीश को राज्यसभा भेजने का फैसला जनता के साथ गद्दारी : सुरेंद्र राजपूत


लखनऊ, 5 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने के फैसले की आलोचना करते हुए इसे ‘जनता के साथ गद्दारी’ करार दिया।

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा और एनडीए ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे को सामने रखकर लोगों से कई वादे किए थे लेकिन अब नेतृत्व में बदलाव कर जनता के साथ गद्दारी की जा रही है। दोनों दलों के लोग जिन मुद्दों के साथ प्रदेश की जनता के बीच गए थे, मेरा सुझाव है कि सबसे पहले उन मुद्दों पर काम किया जाए। अब मुख्यमंत्री चाहे कोई भी बने, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है। जो भी वादे दोनों दलों ने प्रदेश की जनता से किए थे, उन वादों को हर हाल में पूरा किया जाए। उन वादों को पूरा करने की दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

भाजपा-जदयू सरकार ने जीविका दीदी को 10 हजार की राशि देने के बाद दो लाख रुपए अतिरिक्त देने का वादा किया था। ऐसी स्थिति में यह सवाल उठता है कि ये पैसे कब दिए जाएंगे। इन लोगों ने वादा किया था कि हम प्रदेश की जनता को मुफ्त में बिजली देंगे, तो लोगों को मुफ्त बिजली कब मिलेगी। इन लोगों ने वादा किया था कि जनता को 10 लाख नौकरियां देंगे और बेरोजगारी को पूरी तरह से खत्म करेंगे, तो हमारा कहना है कि प्रदेश के लोगों को नौकरियां दी जाएं।

उन्होंने कहा कि हम आने वाले दिनों में इन्हीं मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेंगे। ये लोग किसे मुख्यमंत्री की कमान सौंपते हैं, ये इन लोगों का आंतरिक विषय है। इस पर मैं किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा। फिलहाल, जनता से किए गए वादों को हर हाल में पूरा किया जाए।

–आईएएनएस

पीयूष


Show More
Back to top button