'सबसे बड़ा बहरूपिया', द ग्रेट इंडियन कपिल शो में सुनील ग्रोवर की मिमिक्री देख हैरान हुए गजराज राव

मुंबई, 15 मार्च (आईएएनएस)। द ग्रेट इंडियन कपिल शो के दीवानों की कमी नहीं है। कपिल की मस्ती और बाकी को-स्टार कीकू शारदा, सुनील ग्रोवर, और कृष्णा अभिषेक की मिमिक्री फैंस को टेंशन भूल हंसने पर मजबूर कर देती है।
हाल ही में शो में वरुण धवन और अपने पिता और फिल्म निर्देशक डेविड धवन भी पहुंचे, जहां सुनील सिंह ग्रोवर ने कुछ ऐसा किया कि फैंस को दिवंगत अभिनेता कादर खान की याद आ गई। इतना ही नहीं, अभिनेता गजराज राव भी तारीफ करने से पीछे नहीं हटे।
यह बात तो सभी जानते हैं कि मिमिक्री करने में सुनील सिंह ग्रोवर को टक्कर दे पाना किसी के बस की बात नहीं है। बात चाहे आमिर खान बनने की हो या फिर नवजोत सिंह सिद्धू, हर किरदार में अभिनेता ने फैंस का दिल जीता है लेकिन इस बार उन्हें कादर खान की मिमिक्री करते हुए देखा गया।
उन्होंने ऐसे डायलॉग बोले, जिसे सुनकर हर कोई हैरान था। वरुण धवन भी उनके हाव-भाव और डायलॉग डिलीवरी देखकर प्रभावित थे और गजराज राव ने उन्हें बहरूपिया कह दिया। सुनील ग्रोवर की एक्टिंग की तारीफ कर गजराज राव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा और उनके द्वारा निभाए गए हर किरदार की तारीफ की।
उन्होंने लिखा, “सुनील ग्रोवर का फैन हूं, जो करते हैं दिल को भाता है। कपिल देव बन कर मंच पर आते हैं तो कपिल देव उनको कौतुक से देखते रह जाते हैं, सलमान का रूप धरते हैं तो सलमान दिखने लगते हैं। कल के कपिल शर्मा शो एपिसोड में क़ादर ख़ान बन कर आ गए, लगा कि साक्षात क़ादर ख़ान मंच पर हैं।”
उन्होंने आगे लिखा, “ग्रोवर मिमिक नहीं करते हैं, वे उस इंसान की आत्मा में घुस जाते हैं। बोलचाल और हावभाव सबको आत्मसात कर लेते हैं। ग्रोवर हमारे समय के सबसे बड़े बहरूपिया हैं। उनकी कला दिव्य है, वे अद्वितीय हैं।”
अभिनेता ने कीकू शारदा और कृष्णा अभिषेक समेत मंच पर किरदार निभा रहे हर कलाकार की तारीफ की, लेकिन सुनील ग्रोवर पर खुलकर प्यार लुटाया। यह पहला मौका नहीं है। सुनील ग्रोवर के गुत्थी के किरदार को भी खूब सराहा गया। गुत्थी के अलावा, हरियाणा पुलिस की महिला का उनका किरदार भी काफी पसंद किया गया था।
–आईएएनएस
पीएस/एएस