'सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि', तेजस्वी सूर्या ने आईपीएल टिकट विवाद को लेकर कर्नाटक सरकार पर साधा निशाना


बेंगलुरु, 30 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा विधायकों और सांसदों के लिए आईपीएल टिकटों की मांग करने और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैचों के लिए तीन टिकटों पर समझौता करने के फैसले का भाजपा ने मजाक उड़ाया है। इसको लेकर भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या ने तंज कसा है। उन्होंने कहा, “यह इस सरकार की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी।”

भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरु साउथ सांसद तेजस्वी सूर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर व्यंग्य करते हुए लिखा, “कर्नाटक के लिए सच में ये एक ऐतिहासिक दिन है।”

उन्होंने आगे लिखा, “मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को इस जटिल और कठिन बातचीत को सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई। इससे कर्नाटक के छह करोड़ लोगों को लाभ होगा। उम्मीद है कि उनकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल यूक्रेन-रूस और ईरान-इजराइल संघर्षों को सुलझाने में भी किया जाएगा।”

तेजस्वी सूर्या ने तंज कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के द्वारा सोमवार को दिए गए उस बयान पर आया है, जिसमें उन्हें बताया कि आईपीएल मैचों के लिए टिकट आवंटन का मामला सुलझा लिया गया है। अब विधायकों और सांसदों के लिए तीन टिकट उपलब्ध होंगे, जबकि पहले चार टिकट दी जाती थीं। अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए दो मुफ्त टिकट मिलेंगे, और अतिरिक्त टिकट खरीदने होंगे।

शिवकुमार ने बताया कि उन्होंने इस मामले पर स्पीकर और वरिष्ठ नेताओं के साथ पहले चर्चा की थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, डीएनए नेटवर्क और केएससीए के प्रतिनिधि भी इस विषय पर उनसे मिले। केएससीए अध्यक्ष और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद भी बैठक में मौजूद रहे।

उन्होंने कहा, “यदि किसी को टिकट नहीं चाहिए, तो वह पत्र प्रस्तुत कर सकता है। विधायक कई मांगें करते हैं, सभी पूरी नहीं हो सकतीं। मामला अब सुलझ गया है।”

गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा में पिछले सप्ताह इस मुद्दे को उठाया गया था। स्पीकर यू.टी. खादर ने सरकार से कहा था कि संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर स्पष्ट नीति बनाई जाए और प्रत्येक विधायक को कम से कम चार टिकट दी जाए। उनके सुझाव पर विधायकों ने सहमति जताई।

–आईएएनएस

एएमटी/डीएससी


Show More
Back to top button