दर्शकों को पसंद आई 'है जवानी तो इश्क होना है', वरुण धवन की कॉमिक टाइमिंग और सेकंड हाफ की खूब हो रही तारीफ


मुंबई, 5 जून (आईएएनएस)। लंबे समय से चर्चा में रही वरुण धवन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह वरुण धवन और उनके पिता व निर्देशक डेविड धवन की साथ में चौथी फिल्म है, जिसके चलते दर्शक इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं।

फिल्म रिलीज के बाद अब दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। फिल्म देखकर बाहर निकले कुछ दर्शकों ने आईएएनएस से बात की और वरुण धवन की कॉमिक टाइमिंग, फिल्म के सेकंड हाफ और एंटरटेनमेंट ट्विस्ट की जमकर तारीफ की।

एक दर्शक ने कहा, ”मुझे फिल्म बहुत पसंद आई। वरुण धवन ने शानदार एक्टिंग की है। फिल्म का सेकंड हाफ पहले हिस्से की तुलना में ज्यादा मजेदार है। कॉमेडी, म्यूजिक और कहानी तीनों का संतुलन अच्छा है। मैं फिल्म को चार स्टार की रेटिंग देना चाहूंगा। यह परिवार के साथ देखने लायक मनोरंजक फिल्म है।”

एक अन्य दर्शक ने भी फिल्म की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ”वरुण धवन एक बेहतरीन एक्टर हैं, और इस फिल्म में उनकी कॉमिक टाइमिंग ने काफी प्रभावित किया। फिल्म में गाने, ग्लैमर, डायरेक्शन और स्क्रीन प्रेजेंस सब बढ़िया हैं। पूरी फिल्म मनोरंजन से भरपूर है, खासकर सेकंड हाफ में आने वाले मजेदार ट्विस्ट खूब हंसाते हैं। फिल्म में कलाकारों के बीच दिखाई गई केमिस्ट्री भी काफी अच्छी है।”

एक और दर्शक ने फिल्म के कलाकारों और निर्देशन की तारीफ करते हुए कहा, ”सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदार बेहतरीन तरीके से निभाए हैं। लंदन की खूबसूरत लोकेशन्स का इस्तेमाल भी शानदार तरीके से किया गया है। डेविड धवन का डायरेक्शन फिल्म को लगातार मनोरंजक बनाए रखता है। वरुण धवन का कॉमिक स्टाइल कई जगह गोविंदा की याद दिलाता है। जिन कलाकारों को कम स्क्रीन टाइम मिला है, उन्होंने भी अपने छोटे-छोटे सीन्स में प्रभाव छोड़ा है। मैं फिल्म को तीन स्टार की रेटिंग दूंगा।”

फिल्म देखने वाले एक अन्य दर्शक ने इसकी तुलना गोविंदा, तब्बू और करिश्मा कपूर की लोकप्रिय फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ से की। उन्होंने कहा, ”फिल्म में वही पुरानी कॉमेडी और गलतफहमियों वाला मनोरंजक अंदाज देखने को मिलता है। वरुण धवन ने अपने किरदार में जान डाल दी है। मौनी रॉय का रोल भी कहानी में दिलचस्प मोड़ लेकर आता है। साथ ही पुराने गानों को नए अंदाज में पेश करना फिल्म को और भी एंटरटेनिंग बनाता है।”

हालांकि कुछ दर्शकों ने फिल्म की कुछ कमियां भी बताई। एक महिला दर्शक ने कहा, ”मुझे फिल्म का क्लाइमैक्स उतना प्रभावशाली नहीं लगा, जितनी उम्मीद थी। लेकिन कहानी दिलचस्प है और कॉमेडी के मामले में फिल्म अच्छा मनोरंजन करती है। मैं फिल्म को साढ़े तीन स्टार की रेटिंग दूंगी।”

फिल्म की कहानी जस नाम के एक वेडिंग फोटोग्राफर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार वरुण धवन ने निभाया है। फिल्म में आगे दिखाया जाता है कि जस और उसकी पत्नी बानी (मृणाल ठाकुर) दोनों अलग होने का फैसला करते हैं। इसी दौरान जस की जिंदगी में प्रीत (पूजा हेगड़े) की एंट्री होती है। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब बानी और प्रीत दोनों प्रेग्नेंट हो जाती हैं। ऐसे में जस कई मुश्किल परिस्थितियों में निकलने की कोशिश करता है। इन कोशिशों में वह कई उलझनों में फंसता भी दिखाई देता है।

फिल्म में वरुण धवन के अलावा मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े, मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय, चंकी पांडे, राकेश बेदी और राजेश कुमार जैसे कलाकार हैं।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Show More
Back to top button