फरीदाबाद जेल में आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या, कश्मीरी कैदी ने किया हमला


फरीदाबाद, 9 फरवरी (आईएएनएस)। हरियाणा के फरीदाबाद जिले से बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिले की जेल में बंद 20 वर्षीय आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, यह हमला जेल में ही हुआ, जहां एक अन्य कैदी ने नुकीली चीज से उसके सिर पर हमला किया।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि हमलावर का नाम अरुण चौधरी है, जो कश्मीरी युवक है। रविवार रात को उसने अब्दुल रहमान पर हमला किया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गौरतलब है कि अब्दुल रहमान 2 मार्च 2025 को पाली गांव के पास से पकड़ा गया था। उस समय उसके पास दो हैंड ग्रेनेड थे और वह अयोध्या में धमाका करने की साजिश रच रहा था। उसे उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर का रहने वाला बताया गया।

अब्दुल रहमान के पास कुछ वीडियो भी मिले थे, जिनमें राम मंदिर से जुड़ी संवेदनशील जानकारी थी। इसे देखते हुए एसटीएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार किया था। उसके पास पाए गए दो हैंड ग्रेनेड को तुरंत डिफ्यूज कर दिया गया।

वहीं, जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान पर हमला करने और उसकी जान लेने वाला आरोपी पहले जम्मू-कश्मीर की जेल में बंद था, जिसे बाद में फरीदाबाद जेल में शिफ्ट किया गया था। वह भी हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद था।

जेल में अब्दुल रहमान की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पहली बार नहीं है जब जेल में किसी कैदी पर हमला हुआ हो, लेकिन सुरक्षा के इतने सख्त इंतजाम के बावजूद ऐसा होना चिंताजनक है।

पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल में मौजूद सभी कैदियों से पूछताछ की जा रही है और हमलावर के साथी या संभावित मददगारों की भी पहचान की जा रही है। वहीं, इस घटना ने फरीदाबाद जिले में सनसनी फैला दी है।

–आईएएएनएस

पीआईएम/एबीएम


Show More
Back to top button