ढोल, डांस और देसी तड़के के साथ 'आईएएनएस' में टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का स्वागत


नोएडा, 4 फरवरी (आईएएनएस)। अपने ऑफिशियल ट्रॉफी टूर के हिस्से के रूप में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी बुधवार को आईएएनएस मुख्यालय पहुंची, जहां ढोल के साथ इसका स्वागत हुआ। भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है।

इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी के आने पर पारंपरिक ढोल की थाप और जोशीले डांस के साथ स्वागत किया गया। इस उत्सव भरे स्वागत ने आईएएनएस ऑफिस में जश्न का माहौल बना दिया। स्टाफ के साथ विजिटर्स को इस आइकॉनिक ट्रॉफी को करीब से देखने का मौका मिला। क्रिकेट फैंस ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

गोल्डन वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी के विपरीत, टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का डिजाइन अलग है। इस ट्रॉफी को लंदन के सिल्वरस्मिथ थॉमस लाइट ने तैयार किया है। सिल्वर-प्लेटेड बेस मेटल से बनी 51 सेंटीमीटर ऊंची ट्रॉफी का वजन करीब 3.9 किलोग्राम है। ट्रॉफी में पांच अलग-अलग कास्टिंग हैं, जो एक-दूसरे से जुड़ी हुई दिखती हैं।

सभी बड़े आईसीसी इवेंट्स से पहले होने वाला ट्रॉफी टूर, फैंस को क्रिकेट टूर्नामेंट की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी से जुड़ने के मौके देता है। पिछले कुछ वर्षों में, ट्रॉफी ने आइकॉनिक लैंडमार्क में पहुंचने के साथ क्रिकेट के विशाल ग्लोबल फैनबेस के बीच जागरूकता, उत्साह और एकता को बढ़ावा दिया है।

यह आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण है, जिसमें भारत को खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। टी20 फॉर्मेट के इस महाकुंभ को दुनिया के खेलों में सबसे बड़े और सबसे रोमांचक इवेंट्स में से एक माना जाता है। फैंस को उम्मीद है कि इस विश्व कप में भी कई पुराने रिकॉर्ड्स टूटेंगे और कई नए रिकॉर्ड्स बनेंगे।

जैसे-जैसे ट्रॉफी प्रमुख स्थानों की यात्रा जारी रखे हुए है, आईएएनएस में इसका पहुंचना यह याद दिलाता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच शुरू होने में अब बस चंद दिन ही शेष हैं।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button