टी20 वर्ल्ड कप: नामीबिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, भारतीय टीम में बुमराह-सैमसन की वापसी


नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। नामीबिया ने गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। मेहमान टीम 3 बदलावों के साथ इस मैच में उतरी है। दूसरी ओर, जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन की भारतीय टीम में वापसी हुई है।

टॉस जीतने के बाद नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने कहा, “हम गेंदबाजी करने जा रहे हैं। यह एक बहुत शानदार फ्लैट क्रिकेटिंग सरफेस है, सरफेस और ओस के नजरिए से यह फैसला सही है। यह अच्छा विकेट लग रहा है। दूसरे हाफ में हम टारगेट चेज करने की कोशिश करेंगे। हमारी टीम में दो बदलाव हैं।”

दूसरी ओर, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करना चाह रहे थे। इससे बहुत खुश हैं। जब तक हम टॉस हारकर मैच जीत रहे हैं, हमें कोई दिक्कत नहीं है। ओस एक बड़ा फैक्टर रहने वाली है, लेकिन जब आप टोटल डिफेंड करते हैं, तो इससे आत्मविश्वास मिलता है। अभिषेक शर्मा अभी भी ठीक नहीं है, वह एक-दो मैच मिस करेगा। संजू ने टीम में वापसी की है। मोहम्मद सिराज की जगह जसप्रीत बुमराह इस मैच में खेल रहे हैं।”

भारत ने यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच को 29 रन से जीता था, जबकि नामीबिया ने नीदरलैंड के खिलाफ 7 विकेट से शिकस्त झेली थी। टीम इंडिया अपने लगातार दूसरे मुकाबले को जीतकर ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहेगी।

ग्रुप-ए में फिलहाल पाकिस्तान (+0.932 नेट रन रेट) शीर्ष पर है, जिसने नीदरलैंड और यूएस के खिलाफ मुकाबलों में जीत दर्ज की। वहीं, भारतीय टीम (+1.450) पहला मैच जीतकर दूसरे पायदान पर मौजूद है। नीदरलैंड (+0.356) ने 2 में से 1 मैच जीता है। यह टीम तीसरे स्थान पर मौजूद है। वहीं, नामीबिया (-1.033) और यूएसए (-1.525) क्रमश: चौथे और पांचवे पायदान पर हैं।

भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।

नामीबिया की प्लेइंग इलेवन: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मालन क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हींगो।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button