टी20 विश्व कप: इटली को लगा तगड़ा झटका, कप्तान वेन मैडसेन चोटिल


कोलकाता, 9 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में इटली को बड़ा झटका लगा है। स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में इटली के कप्तान वेन मैडसेन को इंजरी की वजह से मैदान से बाहर जाना पड़ा। वह बल्लेबाजी के लिए नहीं आएंगे। विश्व कप के बाकी मैचों में उनके खेलने की संभावना न के बराबर है।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे मुकाबले में इटली ने स्कॉटलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। स्कॉटलैंड की पारी के चौथे ओवर में मैडसेन मिडविकेट पर फील्डिंग के दौरान जॉर्ज मुनसे के पुल को रोकने की कोशिश में मैडसेन अपना कंधा चोटिल कर बैठे। अपनी बाईं ओर डाइव लगाकर गेंद रोकने की कोशिश में वह चोटिल हुए। फील्ड पर गिरने के साथ ही उन्होंने मेडिकल मदद मांगी और इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए। मैडसेन का बायां कंधा खिसक गया है।

मैडसेन के इंजर्ड होने के साथ ही कमेंटेटर्स ने कहा कि वह मैच में आगे नहीं खेलेंगे।

इटली क्रिकेट एक्स पर लिखा, “कप्तान वेन मैडसेन का बायां कंधा खिसक गया है। इसलिए वे आज के मैच में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इटली के कैंपेन की बहुत ही निराशाजनक शुरुआत। उम्मीद है हमारे लड़के अच्छा करेंगे।”

वेन मैडसेन की गैरमौजूदगी में इटली की कप्तानी हैरी मैनेंटी ने संभाली।

इटली के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मैडसेन अपना टी20 विश्व कप डेब्यू कर रहे थे। उन्हें तुरंत एक्स-रे के लिए भेजा गया। कंधा खिसकने पर आमतौर पर एक खिलाड़ी को एक से तीन सप्ताह तक बाहर रहना पड़ता है। गंभीर चोट तीन से चार महीने तक भी खिलाड़ी को बाहर रख सकती है।

42 साल के मैडसेन को जो बर्न्स के टीम से बाहर होने के बाद विश्व कप में इटली का कप्तान बनाया गया था।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button