टी20 वर्ल्ड कप: इटली को 24 रन से हराकर 'सुपर-8' में पहुंचा इंग्लैंड


कोलकाता, 16 फरवरी (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 29वें मुकाबले में इटली के खिलाफ 24 रन से जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में तीसरी जीत के साथ इंग्लैंड ने ‘सुपर-8’ में जगह बना ली है। इंग्लैंड के अलावा ग्रुप-सी से वेस्टइंडीज भी अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।

ईडन गार्डन्स में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 7 विकेट खोकर 202 रन बनाए। इस टीम के लिए फिलिप सॉल्ट ने जोस बटलर के साथ पहले विकेट के लिए 21 रन जोड़े। बटलर महज 3 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सॉल्ट ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

यह टीम 105 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो चुकी थी, जहां से विल जैक्स ने सैम करन के साथ छठे विकेट के लिए 25 गेंदों में 54 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

जैक्स 22 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 53 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि करन ने 19 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से ग्रांट स्टीवर्ट और क्रिशन कलुगामागे ने 2-2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में इटली की टीम 178 रन पर सिमट गई। इस टीम ने महज 22 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से जस्टिन मोस्का ने बेन मेनेंटी के साथ चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों में 92 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 114 के स्कोर तक पहुंचाया।

बेन मेनेंटी 25 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों के साथ 60 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मोस्का ने ग्रांट स्टीवर्ट (45) के साथ छठे विकेट के लिए 21 रन जुटाकर टीम को 135 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

इटली ने 135 के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवाया, जिसके बाद 16वें ओवर की लगातार दो गेंदों पर विकेट खोकर टीम संकट में आ गई, लेकिन यहां से स्टीवर्ट ने जसप्रीत सिंह (12) के साथ 18 गेंदों में 40 रन की साझेदारी करते हुए टीम में एक बार फिर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही टीम बिखर गई।

इंग्लैंड की तरफ से सैम करन और जेमी ओवरटन ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट निकाले। एक-एक विकेट विल जैक्स और आदिल रशीद के हाथ लगा।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button