टी20 रिकॉर्ड: न्यूजीलैंड के खिलाफ 271 रन बना चुका भारत, सिर्फ 66 रन पर सिमटी है कीवी टीम
नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेला जाना है। टी20 फॉर्मेट में अब तक दोनों देशों के बीच 30 मैच खेले गए हैं, जिसमें सबसे बड़ा स्कोर भारत के नाम है, जबकि न्यूनतम स्कोर पर सिमटने का अनचाहा रिकॉर्ड कीवी टीम के नाम पर है।
31 जनवरी 2026 को भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच में 5 विकेट खोकर 271 रन बनाए थे। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19.4 ओवरों में सिमट गई। टीम इंडिया ने 46 रन से मैच अपने नाम किया था।
तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मुकाबले में भारत की तरफ से ईशान किशन ने शतकीय पारी खेली। ईशान ने 43 गेंदों में 10 छक्कों और 6 चौकों के साथ 103 रन बनाए थे। वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों के साथ 63 रन की पारी खेली, जबकि हार्दिक पंड्या ने टीम के खाते में 42 रन जोड़े।
इसके जवाब में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 38 गेंदों में 80 रन बनाए, जबकि ईश सोढ़ी ने 33 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, लेकिन न्यूजीलैंड को जीत नहीं दिला सके। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 4 ओवरों में 51 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए थे।
दूसरी ओर, 1 फरवरी 2023 को अहमदाबाद में खेले गए वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम भारत के विरुद्ध 12.1 ओवरों में महज 66 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने यह मैच 168 रन से अपने नाम किया था।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 234 रन बनाए। मेजबान टीम के लिए शुभमन गिल ने 63 गेंदों में 7 छक्कों और 12 चौकों के साथ 126 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि राहुल त्रिपाठी ने 44 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की तरफ से डेरिल मिचेल ने 35 रन, जबकि कप्तान मिचेल सेंटनर ने 13 रन की पारी खेली, लेकिन इनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने 4 ओवरों में महज 16 रन देकर 4 विकेट निकाले। अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक और शिवम मावी ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
–आईएएनएस
आरएसजी