आमिर खान धमकी मामला: लोकेशन छिपाने के लिए हुआ स्वीडिश वीपीएन का इस्तेमाल, साइबर टीम कर रही जांच


मुंबई, 29 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान इन दिनों अपनी तीसरी शादी को लेकर शुरू हुए विवाद और अब ऑडियो क्लिप के जरिए मिली धमकी के कारण चर्चा में हैं। दरअसल, बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से एक ऑडियो मैसेज और फेसबुक पोस्ट के जरिए धमकी दी गई है। वायरल ऑडियो में खुद को आरजू बिश्नोई बताने वाले शख्स ने आमिर खान पर ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देने और देश की संस्कृति व सनातन धर्म के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। मैसेज में उन्हें सबक सिखाने की बात कही गई है।

मुंबई पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी से जुड़े इन पोस्ट और ऑडियो के पीछे कौन लोग हैं। बताया जा रहा है कि यह धमकी सोशल मीडिया पर आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नाम से सामने आई है, जिसमें ऑडियो के साथ-साथ एक फेसबुक पोस्ट भी शेयर किया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को धमकी भेजने वाले का शुरुआती आईपी एड्रेस स्वीडन का मिला है। हालांकि, आरोपी ने अपनी पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए वीपीएन और टॉर ब्राउजर का इस्तेमाल किया है, जिसकी वजह से आईपी एड्रेस लगातार बाउंस हो रहा है। इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस की साइबर टीम मैसेज भेजने वाले का पता लगाने और आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी हुई है।

इस विवाद की शुरुआत आमिर खान की तीसरी शादी के बाद हुई थी। आमिर खान ने 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट से शादी की थी। यह एक निजी समारोह था, जिसमें परिवार और करीबी लोग शामिल हुए थे। दोनों ने अपनी शादी को स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर कराया था।

शादी के बाद कुछ लोगों और संगठनों ने आमिर खान पर लव जिहाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे समेत कुछ नेताओं ने भी इस मुद्दे पर बयान दिए थे। वहीं, कुछ संगठनों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।

इन आरोपों पर आमिर खान ने पहले भी सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उनकी किसी भी शादी में उनकी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया। आमिर ने बताया था कि उनकी शादियां सिविल मैरिज के जरिए हुई हैं। गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं बल्कि ईसाई हैं और उनका परिवार अलग-अलग धर्मों का सम्मान करता है।

आमिर खान ने अपनी पहली शादी रीना दत्ता से साल 1986 में की थी। दोनों का 2002 में तलाक हो गया था। इसके बाद उन्होंने 2005 में फिल्म निर्देशक किरण राव से शादी की थी। दोनों साल 2021 में अलग हो गए थे। पहली शादी से उनके दो बच्चे जुनैद और इरा हैं जबकि किरण राव से उनका बेटा आजाद है।

–आईएएनएस

पीके/पीएम


Show More
Back to top button