देश का युवा बेरोजगारी से मुक्ति चाहता है: सुरेंद्र राजपूत

लखनऊ, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के जेन-जी वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश का युवा बेरोजगारी से मुक्ति चाहता है।
कांग्रेस नेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सिर्फ लेह में ही नहीं, पूरे देश में जेन-जी सड़कों पर उतर आए हैं। आज देश का युवा विकास और रोजगार-परक तरक्की चाहता है। बेरोजगारी से मुक्ति और सम्मान की मांग कर रहा है। युवा अपना हक चाहता है और हक छीने जाने पर सड़कों पर भी उतरेगा। अगर भाजपा उस पर पत्थर बरसाएगी, तो वह अराजक भी हो सकता है।
कांग्रेस नेता ने शिवसेना-यूबीटी के मुखपत्र ‘सामना’ के माध्यम से आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर उठाए गए सवालों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मैं उद्धव ठाकरे से सहमत हूं। हम हिंदू-मुस्लिम के नाम पर राष्ट्रवादी नहीं हो सकते। राष्ट्रवादी वही हो सकता है, जो सभी को हक दे।
भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के बयान का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि हम उनके बयान का स्वागत करते हैं और भाजपा सरकार से पूछते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान यह बयान आता तो और भी खुशी होती। हमें सेना के सम्मान पर भरोसा था, है और रहेगा। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज भी सवाल बाकी हैं कि उन्होंने अमेरिका के कहने पर सीजफायर क्यों कर दिया, जबकि हमारी सेना पीओके लेने की दहलीज पर खड़ी थी।
समाजवादी पार्टी (सपा) के एक प्रतिनिधिमंडल को बरेली जाने से रोके जाने पर कांग्रेस नेता ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस नेताओं को रोका गया और अब समाजवादी पार्टी के नेताओं को। भाजपा चाहती क्या है? वो मोहब्बत की जगह नफरत फैला रही है। हम लोग अल्पसंख्यकों के मन में मरहम लगाने के लिए जाना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष के नेताओं को रोका जा रहा है। भाजपा शांति नहीं चाहती।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गाजा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रयासों की सराहना करने पर कांग्रेस नेता ने कहा, “ट्रंप कोई भी ट्वीट करते हैं, पीएम मोदी उस पर प्रतिक्रिया देते हैं। वे भारत के पीएम हैं। फिलहाल गाजा में जो प्रयास हो रहे हैं, उसे पहले होने दीजिए।”
कांग्रेस नेता ने युवाओं के लिए पीएम मोदी की सौगात को चुनावों से जोड़ा। उन्होंने कहा कि चुनाव आ रहे हैं, तो सौगात दे रहे हैं। जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली है।
–आईएएनएस
डीकेएम/एएस