2026 पर होगा सनी देओल का राज, अभिनेता की कमाई को लेकर केआरके ने किया दावा

मुंबई, 5 फरवरी (आईएएनएस)। आजकल फिल्मी दुनिया में हर दिन किसी न किसी बड़े दावे से चर्चा बनी रहती है। इसी बीच अभिनेता और खुद को फिल्म समीक्षक कहने वाले कमाल राशिद खान, जिन्हें लोग केआरके के नाम से जानते हैं, एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने सनी देओल को लेकर बड़ा दावा किया है। केआरके का कहना है कि 2026 पूरी तरह से सनी देओल के नाम रहने वाला है।
केआरके ने गुरुवार सुबह अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने सनी देओल के करियर और कमाई को लेकर बड़ा अनुमान लगाया।
केआरके ने लिखा, ”सनी देओल के पास 2026 में लगातार फिल्मों की लाइन लगी हुई है। उनकी इस साल पांच फिल्में रिलीज होने वाली हैं और इसके अलावा, वे सात और फिल्मों को साइन कर चुके हैं। सनी देओल एक फिल्म के लिए करीब 50 करोड़ रुपए की फीस ले रहे हैं। इस हिसाब से उनकी कमाई 68 साल की उम्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है।”
केआरके ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, ”जिंदगी में कुछ भी हो सकता है और सनी देओल इसका बड़ा उदाहरण बन सकते हैं।”
केआरके का यह दावा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कुछ लोग इसे बढ़ा-चढ़ाकर कही गई बात मान रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि सनी देओल की मौजूदा लोकप्रियता को देखते हुए यह मुमकिन भी हो सकता है।
अगर सनी देओल की मौजूदा फिल्मों की बात करें, तो हाल ही में उनकी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज हुई। इस फिल्म ने कमाई के मामले में भी शानदार प्रदर्शन किया है।
आने वाले समय में सनी देओल फिल्म ‘इक्का’ में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज होगी। इसके अलावा, उनके पास ‘लाहौर 1947’ और ‘रामायण’ जैसी बड़ी फिल्में भी हैं। ‘रामायण’ में वह हनुमान की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।
–आईएएनएस
पीके/एएस