चीनी अर्थव्यवस्था में मजबूत लचीलापन, 2026 का विकास लक्ष्य हासिल करने योग्य: सिटीग्रुप अध्यक्ष


बीजिंग, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव के बावजूद चीन स्थिर विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध बहुराष्ट्रीय वित्तीय होल्डिंग समूह सिटीग्रुप के नॉर्थ एशिया अध्यक्ष मार्क लुएट ने हाल ही में चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ को दिए साक्षात्कार में कहा कि चीनी अर्थव्यवस्था में मजबूत लचीलापन है और इसकी संभावनाओं पर पूरा भरोसा किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के लिए 4.5 प्रतिशत से 5 प्रतिशत का आर्थिक विकास लक्ष्य तर्कसंगत और हासिल करने योग्य है।

मार्क लुएट के अनुसार, चीनी अर्थव्यवस्था ने न केवल बाहरी अनिश्चितताओं का सामना करने की क्षमता दिखाई है, बल्कि निरंतर परिवर्तन और उन्नयन के जरिए नई गति भी प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि चीन की “15वीं पंचवर्षीय योजना” (2026–2030) नीतिगत स्थिरता बनाए रखने के साथ-साथ तकनीकी नवाचार, उपभोग बढ़ाने और लोगों के जीवन स्तर को सुधारने पर जोर देती है, जो अधिक संतुलित विकास की दिशा को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, “अगर पीछे मुड़कर देखें, तो पंचवर्षीय योजनाओं के लक्ष्यों को लागू करने में चीन का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।” उनके मुताबिक, भविष्य में भी चीनी अर्थव्यवस्था इसी रूपरेखा के अनुसार आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उच्च तकनीक उद्यमों सहित चीनी कंपनियों के तेजी से विदेशी विस्तार के कारण विदेशों में उत्पादन अड्डे, अनुसंधान एवं विकास केंद्र और डेटा केंद्र स्थापित हो रहे हैं, जिससे सिटीग्रुप के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।

विश्वभर के 94 बाजारों में मौजूद एक अंतरराष्ट्रीय बैंक के रूप में सिटीबैंक ने वर्ष 2025 तक वैश्विक स्तर पर चीनी ग्राहकों को लगभग 40 अरब अमेरिकी डॉलर का वित्तपोषण प्रदान किया है। मार्क लुएट ने कहा कि सिटीबैंक वैश्विक ट्रेजरी प्रबंधन, विदेशी मुद्रा हेजिंग, सीमा-पार वित्तपोषण और विलय एवं अधिग्रहण परामर्श जैसी सेवाओं के जरिए चीनी कंपनियों के वैश्वीकरण को और मजबूती दे रहा है।

चीन में सिटीग्रुप की रणनीति पर बात करते हुए मार्क लुएट ने कहा कि एशिया में सिटीबैंक का सबसे बड़ा बाजार चीन है। हाल के वर्षों में यहां निवेश घटने के बजाय लगातार बढ़ा है। उनके अनुसार, अब अधिक बहुराष्ट्रीय कंपनियां चीन को केवल एक बड़े बिक्री बाजार के रूप में नहीं, बल्कि वैश्विक अनुसंधान एवं विकास और उच्च स्तरीय विनिर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी देख रही हैं। इसी कारण सिटीग्रुप चीन में व्यापारिक संभावनाओं को लेकर काफी आशावादी है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

डीकेपी/


Show More
Back to top button