सपा की साइकिल करेंगे पंक्चर, 2027 में हम 2017 दोहराएंगे : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 22 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद कर दें। साल 2027 में हम लोग 2017 दोहराएंगे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मैंने अखिलेश यादव से कई बार कहा है कि उन्हें 2047 तक सत्ता में आने का सपना देखना बंद कर देना चाहिए। साल 2027 के विधानसभा चुनाव में हम समाजवादी पार्टी की साइकिल पंक्चर कर सैफई भिजवाने का काम करेंगे। भाजपा रिकॉर्ड बनाते हुए चुनाव जीतेगी, चाहे वह पंचायत चुनाव हो या फिर विधानसभा के चुनाव हों।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले नेताओं में से एक बनने पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है और भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए तो यह और भी अधिक गर्व का स्रोत है। पीएम मोदी ने गरीबों और किसानों के लिए शानदार काम किया है। उनका यह रिकॉर्ड हमारा ही नहीं आने वाली पीढ़ियों का भी मार्गदर्शन करता रहेगा।
डिप्टी सीएम ने एक्स पोस्ट में बधाई देते हुए लिखा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में सर्वाधिक समय तक नेतृत्व करने पर पीएम मोदी को शुभकामनाएं। आपकी जनसेवा की यह अनवरत साधना जन-जन के अटूट विश्वास, अथक परिश्रम और ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के अडिग संकल्प का सशक्त प्रतिरूप है। आपके नेतृत्व में भारत ने न केवल विकास की नई गति प्राप्त की है, बल्कि आत्मनिर्भरता, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम भी स्थापित किए हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का संकल्प आज केवल एक विचार नहीं, बल्कि राष्ट्र की कार्यसंस्कृति बन चुका है।
उन्होंने आगे लिखा कि ‘पंच प्रण’ के माध्यम से आपने ऐसे आत्मविश्वासी भारत की आधारशिला रखी है, जो अपनी गौरवशाली विरासत को आत्मगौरव के साथ धारण करता है, एकता को अपनी सबसे बड़ी शक्ति मानता है, कर्तव्यनिष्ठा को जीवन का मूल मंत्र मानता है और विकसित भारत के संकल्प की ओर अटूट विश्वास के साथ निरंतर अग्रसर है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि आपके सशक्त एवं दूरदर्शी नेतृत्व में देश निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे, समृद्धि के नए अध्याय रचे और विश्व पटल पर अपनी गौरवपूर्ण पहचान को और अधिक मजबूत करे।
–आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम