‘बच्चों की शिक्षा और भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है’, पेपर लीक पर सपा नेता अबू आजमी का बयान


मुंबई, 29 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी ने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार युवाओं को नौकरियां नहीं दे रही है और दूसरी तरफ जो छात्र कड़ी मेहनत करके नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें पेपर लीक की समस्या से जूझना पड़ रहा है। युवाओं से शांति छीन ली गई है।

अबू आजमी ने कहा कि लाखों छात्रों ने परीक्षा की तैयारी की थी। उन्हें पेपर लीक होने के कारण फिर से तैयारी करनी पड़ेगी। उनके बहुत सारे पैसे और समय बर्बाद हो गए। अभी टीईटी का पेपर भी लीक हो गया है। चारों तरफ भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, लूट मची हुई है। सरकार युवाओं को नौकरियां नहीं दे पाती है। पढ़ाई करने वाले बच्चे पेपर लीक से परेशान हैं। सरकार कोई हल नहीं निकाल पा रही है। न महंगाई पर काबू है, न युवाओं को रोजगार। अब बार-बार हो रहे पेपर लीक से बच्चों की शिक्षा और भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। जो सरकार परीक्षा तक ईमानदारी से नहीं करा सकती, वह युवाओं का भविष्य कैसे सुरक्षित करेगी?

उन्होंने कहा कि पेपर लीक के बाद कई बच्चों ने आत्महत्या कर ली। जंतर-मंतर पर कुछ युवा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बैठे हैं, लेकिन सरकार कुछ सुनने को तैयार नहीं है। सरकार शिक्षा मंत्री को सपोर्ट कर रही है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में है।

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर सपा नेता ने कहा कि जो राम के नाम पर सत्ता में आए, उनके राज में राम मंदिर से चंदा चोरी होना बहुत ही दुखद है। इस सरकार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। भ्रष्टाचार और बेईमानी चरम पर है। मैं यह जरूर कहूंगा कि राम मंदिर के नाम पर चुनाव जीतकर आए, देश में हंगामा किया, राम को चाहने वाले बताते रहे, लेकिन अब राम मंदिर के चंदे में चोरी हो रही है। इससे बड़ा मजाक कुछ नहीं हो सकता।

उद्धव ठाकरे के दौरे पर अबू आजमी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उनका चेहरा भी अब सामने आ रहा है। हर जगह हिंदुत्व की बात करते हैं। पहले भी यही उनकी आदत थी। हम लोगों ने गलती की जो उन्हें सेकुलर समझकर वोट दिया।

नसरापुर रेप केस पर अबू आजमी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए फांसी सजा होनी चाहिए। अगर 10-5 लोगों को मौत की सजा दी जाए, तो किसी में भी ऐसे अपराध करने की हिम्मत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराध में तुरंत सजा मिलनी चाहिए। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह खराब हो गई है। रोजाना लूटपाट और दुष्कर्म हो रहे हैं, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही है।

–आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम


Show More
Back to top button