जापान में भूकंप के बाद सोनी का कुमामोटो सेमीकंडक्टर प्लांट हुआ बंद


नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। सोनी सेमीकंडक्टर सॉल्यूशंस ने बुधवार को कहा कि जापान के कुमामोटो क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद उसने कुमामोटो टेक्नोलॉजी सेंटर में परिचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है। कंपनी प्लांट और उत्पादन लाइनों को हुए संभावित नुकसान का आकलन कर रही है।

सोनी ने बताया कि उसके नागासाकी, ओइता और कागोशिमा टेक्नोलॉजी सेंटरों में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। साथ ही, भूकंप के समय इन केंद्रों पर मौजूद किसी भी कर्मचारी के घायल होने की खबर नहीं है।

कंपनी के अनुसार, मंगलवार को स्थानीय समयानुसार शाम 4:27 बजे आए भूकंप के तुरंत बाद किकुयो कस्बे स्थित सोनी सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन के प्लांट में उत्पादन रोक दिया गया था।

कंपनी ने कहा कि कुमामोटो प्लांट की इमारतों और उत्पादन उपकरणों पर भूकंप के प्रभाव का आकलन जारी है। हालांकि, परिचालन दोबारा कब शुरू होगा, इसकी कोई समय-सीमा नहीं बताई गई है।

यह व्यवधान मंगलवार को जापान के कुमामोटो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप के बाद पैदा हुआ। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के अनुसार, इस भूकंप में 13 लोगों की मौत हो गई।

ताकाइची ने पत्रकारों से कहा, “अब भी कई लोग बचाव का इंतजार कर रहे हैं। हम अधिक से अधिक लोगों को बचाने और राहत पहुंचाने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल करेंगे।”

इस बीच, बचाव दल ढही हुई इमारतों के मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे रहे, जबकि अधिकारी भूकंप से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

सोनी सेमीकंडक्टर सॉल्यूशंस कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और औद्योगिक क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले इमेज सेंसर और अन्य सेमीकंडक्टर कंपोनेंट्स की प्रमुख आपूर्तिकर्ता है।

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी इस भूकंप पर चिंता जताई।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जापान के कुमामोटो प्रांत में आए भूकंप की खबर से गहरी चिंता हुई। इस कठिन समय में हम जापान की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता और समर्थन व्यक्त करते हैं। भूकंप से प्रभावित लोगों की सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।”

–आईएएनएस

एबीएस


Show More
Back to top button