स्मृति ईरानी ने प्रवासी भारतीयों से छोटे व्यवसायों में निवेश करने की अपील की


मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अक्सर देश-दुनिया के प्रमुख मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करती हैं। उन्होंने हाल ही में अपनी इच्छाओं और विश लिस्ट पर बात की। अभिनेत्री ने देश में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव का जिक्र करते हुए प्रवासी भारतीयों से अपील की कि वे भारत की प्रगति में योगदान दें।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक आयोजन का वीडियो शेयर किया। उन्होंने अपनी विश लिस्ट बनाते हुए उन प्रवासी भारतीयों की मदद पर जोर दिया, जो भारत से जुड़े हैं।

इसमें वे कहती हैं, “मैं जानती हूं कि आप में से कई लोग बेहतर अवसरों की तलाश में विदेश चले गए हैं। आज के समय में भू-राजनीतिक हालात काफी तनावपूर्ण है। एक राजनेता के तौर पर मैं नहीं चाहती कि कोई भी प्रवासी भारतीय या भारतीय किसी गोलीबारी या खतरे की जद में आए।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रवासी भारतीय अच्छे प्रोफेसर की तरह काम करें। वे जितने ज्यादा भारतीयों की मदद कर सकें, करें। रिसर्च के क्षेत्र में सहयोग दें, टेक्नोलॉजी में मदद करें और अगर कोई निवेशक है तो छोटे व्यवसायों में पैसा लगाएं।

उन्होंने कहा, “मैं ‘कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया स्मॉल ट्रेडर्स’ की रणनीतिक सलाहकार हूं। हम 40,000 व्यापारिक संघों और 8 करोड़ छोटे व्यापारियों का एक मिला-जुला समूह हैं, और यह छोटा व्यापारी, यह छोटा निर्माता ही है, जिसे बड़े पैसे वालों से आसानी से मिलने का मौका नहीं मिलता।”

ईरानी का मानना है कि छोटे व्यापारी और महिला उद्यमी ही भारत की असली ताकत हैं। बड़े निवेशकों का पैसा इन तक पहुंचे तो अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा।

स्मृति ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा, “अगर आप सचमुच देश के लिए योगदान देना चाहते हैं तो उन इनोवेटर्स को ढूंढ़ें, जिन्हें अपने आइडिया को बाजार तक पहुंचाने का तरीका नहीं पता। खासकर अगर वे महिलाएं हैं तो उनकी मदद जरूर करें।”

उन्होंने दोहराया कि निवेश के लिए पैसा हो तो छोटे व्यवसायों में लगाएं।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Show More
Back to top button