'श्रीलंका क्रिकेट अवार्ड्स 2025' में एसएलसी 42 क्रिकेटरों को सम्मानित करेगी

कोलंबो, 5 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) द्वारा शुक्रवार को कोलंबो में वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले पुरुष और महिला क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले 42 क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाएगा। सबसे ज्यादा उत्सुकता ‘पुरुष क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ और ‘महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार को लेकर है। सभी फॉर्मेट में अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों में श्रेष्ठ बल्लेबाज, श्रेष्ठ गेंदबाज बॉलर, श्रेष्ठ ऑल-राउंडर के साथ ही वर्ष के उभरते महिला और पुरुष क्रिकेटरों का पुरस्कार भी शामिल है।
एसएलसी मुख्य कार्यकारी अधिकारी एश्ले डी सिल्वा ने कहा, “हमें वार्षिक श्रीलंका क्रिकेट अवार्ड्स 2025 आयोजित करते हुए बहुत खुशी हो रही है। समारोह 2025 सीजन के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समर्पित है।”
घरेलू सर्किट में, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाजों, गेंदबाजों, ऑल-राउंडरों और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) को ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। मेजर क्लब थ्री-डे टूर्नामेंट, मेजर क्लब पुरुष 50-ओवर टूर्नामेंट, मेजर क्लब महिला 50-ओवर टूर्नामेंट और मेजर क्लब टी20 टूर्नामेंट की चैंपियन टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा, श्रीलंका क्रिकेट चार लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड्स देगा। इसके तहत दो क्रिकेट दिग्गजों के साथ-साथ दो जानी-मानी मीडिया हस्तियों को खेल में उनके लंबे समय तक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
मैच अधिकारियों की अहम भूमिका को पहचानते हुए, बोर्ड इस सेरेमनी के दौरान अंपायर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी देगा, जिसमें शीर्ष प्रशासक, पुराने अंतरराष्ट्रीय स्टार और जाने-माने मेहमानों के एक ही जगह इकट्ठा होने की उम्मीद है।
श्रीलंका में फिलहाल क्रिकेट का रोमांच चरम पर है। एक तरफ, देश में लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) खेली जा रही है, तो दूसरी तरफ, 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम वहां पहुंच चुकी है।
–आईएएनएस
पीएके