शादियों में भी गाने के लिए तैयार हैं गायक हरिहरन, लेकिन रखी ये शर्त

मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय संगीत जगत में जब भी शादियों और निजी आयोजनों में सिंगर्स के परफॉर्म करने की बात आती है, तो इस पर बहस छिड़ जाती है। कुछ लोग इसे कलाकार की लोकप्रियता और फैंस के प्यार का प्रतीक मानते हैं, तो कुछ का मानना है कि इससे सिंगर की गरिमा और प्रतिष्ठा पर असर पड़ता है।
बदलते वक्त के साथ शादी-ब्याह भी बड़े इवेंट बन चुके हैं, जहां बॉलीवुड सिंगर्स की परफॉर्मेंस आम बात हो गई है। इसी मुद्दे पर अब मशहूर गायक हरिहरन ने आईएएनएस से बात करते हुए अपनी राय पेश की है।
हरिहरन ने कहा, ”मैं हर तरह के कॉन्सर्ट करता हूं और अपने काम को लेकर काफी खुले विचार भी रखता हूं, लेकिन जब मैं गाता हूं, तो मुझे अनुशासन और सम्मानजनक वातावरण चाहिए होता है, क्योंकि मेरा मानना है कि संगीत एक भाव है, जिसे सही माहौल में ही पूरी तरह महसूस किया जा सकता है।”
हरिहरन ने कहा, “इंसान आखिर गाता क्यों है? खुशी फैलाने के लिए। गाने का असली मकसद लोगों को खुशी देना है। अगर किसी भी स्थिति में, चाहे वह बड़ा मंच हो या निजी समारोह, सही एंबियंस बना रहे और लोग संगीत का आनंद ले सकें, तो मुझे शादियों में गाने में कोई परेशानी नहीं है। मेरे लिए यह जरूरी है कि मैं खुद भी उस माहौल में शांत और सहज महसूस करूं। कलाकार की मानसिक स्थिति का सीधा असर उसके प्रदर्शन पर पड़ता है। इसलिए जब मैं खुद को शांत महसूस करूंगा, तभी बेहतरीन परफॉर्मेंस दे पाऊंगा।”
गौरतलब है कि सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने सिंगिंग रियलिटी शो ‘सुपरस्टार सिंगर 3’ में कहा था कि जो सिंगर्स शादी में गाते हैं, उनकी औकात कम हो जाती है। इस पर नेहा कक्कड़ ने अपना पक्ष रखा और कहा कि काम को बड़ा या छोटा नहीं समझना चाहिए। मेहनत से किया गया हर काम सम्मान के काबिल होता है।
नेहा ने कहा था कि जब फैंस किसी सिंगर को अपनी शादी में बुलाते हैं, तो यह कलाकार के लिए प्यार और सम्मान की बात होती है।
–आईएएनएस
पीके/वीसी