सिक्किम अंतरराष्ट्रीय महोत्सव का समापन, 29 से अधिक फिल्मों का हुआ प्रदर्शन


गंगटोक, 23 मार्च (आईएएनएस)। सिक्किम अंतरराष्ट्रीय महोत्सव का समापन हो चुका है। फेस्टिवल 19 मार्च से शुरू होकर 22 मार्च तक चला। उसका उद्देश्य सिक्किम की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ, सिक्किम के क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देना है।

फिल्म फेस्टिवस में 29 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया गया और फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और दर्शकों की इसमें भरपूर भागीदारी रही।

सिक्किम अंतरराष्ट्रीय महोत्सव पर बात करते हुए सूचना एवं जनसंपर्क सचिव अन्नपूर्णा एले ने आईएएनएस से कहा, “जैसा कि मैंने पहले दिन कहा, महोत्सव की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सिक्किम की एक या दो फिल्में वैश्विक या राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बना पाएं, यानी जो प्रचार और मार्केटिंग हुई है। अगर किसी एक फिल्म को कोई निर्माता या वितरक खरीद ले, तो वही हमारी सबसे बड़ी सफलता होगी। मैं इससे ज्यादा की उम्मीद नहीं कर रही हूं। शायद एक फिल्म भी हमारे लिए एक बड़ी शुरुआत होगी, क्योंकि इस बार बहुत सारे प्रचार हुए हैं।”

सिक्किम सिनेमा पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “सिक्किम में छोटे स्तर पर फिल्में बनती हैं। यहां के निर्माता ही फिल्म बनाते हैं और फिल्म सिक्किम तक ही सीमित रह जाती है। फिल्मों को नेशनल और ग्लोबल प्लेटफॉर्म दिलाना बहुत जरूरी है। कुछ ही निर्माता और निर्देशक हैं जो सिक्किम से बाहर निकलकर काम कर पा रहे हैं, लेकिन कुछ ही फिल्मों को नेशनल मंच मिल पा रहा है। हमारी यही कोशिश है कि धीरे-धीरे ही सही लेकिन सिक्किम की फिल्मों को नेशनल और ग्लोबल प्लेटफॉर्म दिला सकें।”

उन्होंने आगे कहा, ‘सिक्किम अंतरराष्ट्रीय महोत्सव के जरिए सिक्किम के लोगों को भी बाहर के सिनेमा बनाने वाले लोगों से मिलने का मौका मिलेगा और नई तकनीक भी सीखने को मिलेगी।’

वहीं अभिनेत्री श्यामा श्री शेरपा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं अपने निजी अनुभव के आधार पर यह बात कह रही हूं। सरकार और विभाग की ओर से यह एक बहुत ही अच्छी पहल और मदद थी। इसलिए, सबसे पहले मैं सिक्किम अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव जैसे मंच और सिक्किम को हम जैसे कलाकारों के लिए उपलब्ध कराने के लिए विभाग को धन्यवाद देना चाहूंगी।”

अभिनेत्री श्यामा श्री शेरपा का कहना है कि महोत्सव का हिस्सा कई डायरेक्टर और डिस्ट्रीब्यूटर रहे, लेकिन इसके साथ ही अगली बार कास्टिंग डायरेक्टर को भी महोत्सव का हिस्सा बनाना होगा, जिससे हम जैसे स्टार को राष्ट्रीय स्तर पर एक्सप्लोर करने का मौका मिले।

–आईएएनएस

पीएस/एएस


Show More
Back to top button