पिता के पसंदीदा भजन को आवाज देकर भावुक हुईं श्रेया घोषाल, बोलीं–'सिद्धा भजो' ने पुरानी यादों को ताजा किया


मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली गायिका श्रेया घोषाल एक बार फिर अपने नए संगीत प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुआ उनका भजन ‘सिद्धा भजो’ लोगों के बीच तेजी से पसंद किया जा रहा है। इसको लेकर श्रेया घोषाल ने बताया है कि यह भजन उनके दिल के बेहद करीब है, क्योंकि यह उनके पिता के सबसे पसंदीदा भजनों में से एक रहा है।

श्रेया घोषाल ने भजन के साथ अपने गहरे जुड़ाव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ”’सिद्धा भजो’ एक ऐसा भजन है जिसमें आध्यात्मिकता की गहराई और सादगी दोनों मौजूद हैं। यह भजन इंसान को अपने भीतर झांकने का संदेश देता है। जब मैं इसकी रिकॉर्डिंग कर रही थी, तब मुझे एक अलग तरह की शांति महसूस हुई।”

श्रेया ने कहा, ”आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग अक्सर अपने आप से दूर हो जाते हैं। हर कोई भागदौड़ और जिम्मेदारियों में उलझा रहता है। ऐसे समय में यह भजन लोगों को कुछ पल रुककर खुद के बारे में सोचने और अपने भीतर की आवाज सुनने की प्रेरणा देता है। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह इस भजन ने मुझे शांति का एहसास कराया, उसी तरह इसे सुनने वाले लोगों को भी सुकून मिलेगा।”

गायिका ने अपने पिता को लेकर कहा, ”सिद्धा भजो मेरे पिता का सबसे प्रिय भजन रहा है। बचपन से मैंने अपने घर में इस भजन को सुना है और इसके आध्यात्मिक संदेश को महसूस किया है। जब मुझे इस भजन को गाने का मौका मिला तो मेरे मन में अपने पिता की कई यादें ताजा हो गईं। मेरे पिता ने हमेशा हमें आध्यात्मिकता, शांति और सकारात्मक सोच का महत्व समझाया। यही कारण है कि इस भजन को रिकॉर्ड करते समय मैं केवल एक गायिका नहीं थी, बल्कि एक बेटी भी थी, जो अपने पिता की पसंद और उनकी सोच को अपनी आवाज के जरिए दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश कर रही थी।”

–आईएएनएस

पीके/वीसी


Show More
Back to top button