संभल दंगों पर आधारित फिल्म 'कल्कि संभल' की शूटिंग शुरू

संभल, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के संभल में हुए ऐतिहासिक दंगों पर आधारित फिल्म ‘कल्कि संभल’ की शूटिंग चंदौसी में शुरू हो चुकी है। फिल्म के निर्माता अमित जानी ने मंगलवार को एस.एम. कॉलेज में फिल्म का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने आईएएनएस के साथ खास बातचीत की। उन्होंने बताया कि यह फिल्म संभल के अतीत के काले चिट्ठों को उजागर करती दिखेगी। उन्होंने कहा, “देखिए, यह फिल्म मुख्य रूप से संभल के दंगों और उस दौरान हुई हिंसा पर केंद्रित है। फिल्म में 1978 के उस भयावह दौर को दिखाया जाएगा, जिसमें बनवारीलाल गोयल और रामचंद्र दास की हत्या हुई थी। साथ ही, फिल्म उन ऐतिहासिक आंकड़ों को भी उजागर करेगी, जिसमें पहले 184 और फिर बाद में 209 लोगों की बेरहमी से जान ले ली गई थी।
निर्माता ने आगे बताया कि इस फिल्म के जरिए हम दर्शकों को उन सच्चाइयों से रूबरू कराएंगे, जो अब तक इतिहास के पन्नों में दबे हुए हैं।
उन्होंने आगे कहा, “फिल्म में केवल अतीत ही नहीं बल्कि 2024 के ताजा घटनाक्रम को भी दिखाया जाएगा। इस फिल्म में हरिहर मंदिर और जामा मस्जिद के सर्वे विवाद से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कोर्टरूम सीन भी है। इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे अदालत सर्वे का फैसला लेती है। वर्तमान शूटिंग शेड्यूल में दिग्गज कलाकार गोविंद नामदेव और राजनेता नरस गोसाई के बीच एक तीखी अदालती बहस को फिल्माया जा रहा है। फिल्म यह भी दर्शाएगी कि कैसे 2024 में प्रशासन (मुख्यमंत्री, डीएम और एसपी) की मुस्तैदी के कारण बड़े दंगों को होने से रोका गया।
उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए बताया, “यह फिल्म अगल डेढ़ से दो महीनों तक संभल जिले के कई हिस्सों में शूट की जाएगी। इस फिल्म में अन्नू कपूर, महेश मांजरेकर और विजय राज जैसे मंझे हुए कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए नजर आएंगे।”
भरत एस. श्रीनेत द्वारा निर्देशित फिल्म का निर्माण अमित जानी कर रहे हैं।
–आईएएनएस
एनएस/डीएससी