फरार भारतीयों पर शेखर सुमन का कटाक्ष, वे कभी आसमान और मैदान के सितारे थे

मुंबई, 6 जून (आईएएनएस)। अभिनेता शेखर सुमन ने भारत छोड़कर भाग गए लोगों पर तीखा तंज कसा है। हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ के प्रमोशन के दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे लोग बहुत आकर्षक और मीठी-मीठी बातें करने वाले होते हैं, जो बाद में बैंकों से करोड़ों रुपए लूटकर विदेश भाग जाते हैं।
शेखर सुमन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “एक ठग की सबसे बड़ी बात आकर्षण है। हर कोई उसके आकर्षण से प्रभावित हो जाता है। वे बहुत मीठी-मीठी बातें करते हैं, बोलने में तेज और तेज-तर्रार होते हैं। ये लोग बेहद बुद्धिमान होते हैं, बस उनकी एनर्जी गलत दिशा में लगी होती है।”
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “आप उन्हें जेल में डालते हैं, वे बाहर आ जाते हैं और फिर कुछ नया करते हैं। वे रुकते ही नहीं हैं।” शेखर सुमन ने रियल लाइफ उदाहरण देते हुए कहा कि कई ऐसे लोग अब भारत छोड़ चुके हैं, जिन्होंने बैंकों से बहुत बड़ा पैसा लेकर विदेश में आराम की जिंदगी बिता रहे हैं। उन्हें देखिए, उनकी बातें सुनिए। पहले वे हवाई जहाज उड़ाते थे, क्रिकेट खेलते थे। अगर आप इन सभी लोगों को सुनें तो आपका किरदार आपके सामने तैयार है।”
शेखर सुमन वर्तमान में स्ट्रीमिंग शो ‘द पिरामिड स्कीम’ में एक ठग के किरदार में नजर आ रहे हैं। इस भूमिका के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है। उन्होंने बताया कि ठग का किरदार निभाने के लिए आकर्षण पैदा करना सबसे चुनौतीपूर्ण काम था।
‘द पिरामिड स्कीम’ पिरामिड स्कीम की दुनिया पर आधारित एक दिलचस्प वेब सीरीज है। इसमें शेखर सुमन के अलावा, रणवीर शौरी, श्रेयांश पांडे, परमवीर चीमा, अंजन श्रीवास्तव, अल्फिया जाफरी, आशीष राघवा, अखिलेंद्र मिश्रा, स्मिता बंसल और अन्य कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
सीरीज को ‘द वायरल फीवर’ द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। श्रेयांश पांडे क्रिएटर हैं, जबकि आशीष आर. शुक्ला और श्रेयांश पांडे डायरेक्टर हैं। यह सीरीज प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।
–आईएएनएस
एमटी/पीएम