शत्रुघ्न सिन्हा ने सीएम ममता बनर्जी की तारीफ की, बोले- बंगाल की जनता उनके साथ है

पटना, 17 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बंगाल की पूरी जनता उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा, “मैं पश्चिम बंगाल जा रहा हूं। वहां जाकर मैं लोगों से मिलता हूं, उनकी बातें सुनता हूं और हालात को समझने की कोशिश करता हूं। ऐसा लगता है कि एसआईआर के नाम पर काफी अन्याय हो रहा है और भारत सरकार नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी और उनके सहयोगी ज्यादा आक्रामक नजर आ रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा को लगता है कि महाराष्ट्र, हरियाणा या बिहार में जो कुछ भी हुआ, वैसा ही पश्चिम बंगाल में भी होगा, लेकिन ऐसा बंगाल में नहीं हो पाएगा, क्योंकि बंगाल का नेतृत्व देश की सबसे लोकप्रिय, मजबूत और दृढ़ नेता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कर रही हैं। हमारी मुख्यमंत्री बहुत लोकप्रिय हैं। उनके बहुत सारे फैन और समर्थक हैं। लोग उन पर भरोसा करते हैं। ममता दीदी के साथ बंगाल की पूरी जनता खड़ी है, जिनमें महिलाएं और युवा शामिल हैं।”
इसी के साथ ही, शत्रुघ्न ने ममता बनर्जी की कई सारी योजनाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा, “आज देश में कई स्कीम चल रही हैं, लेकिन इनकी शुरुआत ममता बनर्जी के शासन में हुई थी। स्वास्थ्य साथी और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं बंगाल से शुरू हुईं और बाद में इन्हें देशभर में अपनाया गया। बंगाल ने देश को प्रेरणा दी है।
उन्होंने महिलाओं और छात्राओं के लिए चलाई गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “ममता दीदी ने एक मां और बहन बनकर हर महिला, आदिवासी बहनों और पढ़ने वाली लड़कियों का ख्याल रखा है। कॉलेज-यूनिवर्सिटी जाने वाली छात्राओं को मदद दी है। इसी वजह से उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।”
शत्रुघ्न ने आखिरी में कहा, “जब भी सीएम ममता बनर्जी पर दबाव डाला गया, उनका अपमान करने की कोशिश की गई, या उन्हें घेरने का प्रयास हुआ, तो परिणाम उल्टा हुआ। जितना ज्यादा दबाने की कोशिश करोगे, उतना ही जोर से वापसी होगी। ममता दीदी और उनकी सरकार के साथ ठीक यही हुआ है। जितना विरोध हुआ, उतनी मजबूती से वे उभरी हैं।”
–आईएएनएस
एनएस/डीकेपी