तेजस्वी के पोस्टर पर तीखी बयानबाजी, भीम सिंह बोले-'खलनायक' के परिवार का आदमी नायक कैसे?

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना में राजद पार्टी के कार्यालय के बाहर तेजस्वी यादव की तस्वीर के साथ एक पोस्टर लगा है जिसमें लिखा है ‘बिहार का नायक’। इस पर भाजपा की तरफ से तीखी बयानबाजी हो रही है। भाजपा सांसद भीम सिंह ने सवाल किया है कि खलनायक के परिवार का आदमी नायक कैसे हो सकता है।
भीम सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “तेजस्वी का अपना कार्यालय है, अपना बोर्ड, अपने कार्यकर्ता और अपना पैसा। उन्होंने लिख लिया है कि तेजस्वी बिहार के नायक हैं। अपने से कुछ भी बनना हो तो कोई रोक नहीं सकता।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव पर निशाना साधते हुए भीम सिंह ने कहा कि बिहार की जनता ने तेजस्वी यादव के माता-पिता को कई बार मौका दिया था, लेकिन उन लोगों ने बिहार की जनता के साथ क्या किया, ये सबको पता है। बिहार में अपहरण, फिरौती, हत्या सहित सभी गलत काम होते रहे। बिहार का विकास नीचे चला गया था।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता वो सब दिन भूली नहीं है, इसलिए अब तेजस्वी मुख्यमंत्री तो नहीं बनने वाले हैं। फिर से एनडीए की सरकार बिहार में बनने जा रही है। बिहार की जनता हम लोगों के साथ खड़ी है।
भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार बिहार में विकास हो रहा है। जनता में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। विकास होने से जनता की समस्याएं दूर हो रही हैं। एनडीए की सरकार में जनता खुश है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पहले ही उनके परिवार को मौका दे दिया था, तेजस्वी यादव को अब मौका नहीं मिलने वाला है। वो जो भी वादे कर रहे हैं, उसे पूरा नहीं कर पाएंगे। उनकी रैली में जो भीड़ जुट रही है, इसका मतलब यह नहीं है कि वह समर्थक हैं, वहां लोग मस्ती करने आते हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि हम लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहे हैं। जनता को भी उनके ऊपर विश्वास है। बिहार में भाजपा हमेशा नीतीश कुमार के साथ खड़ी रहेगी।
–आईएएनएस
एसएके/वीसी