आरबीआई से नए सीईओ की मंजूरी मिलने के बाद साउथ इंडियन बैंक के शेयरों में 10 प्रतिशत तक की गिरावट

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। निजी क्षेत्र के साउथ इंडियन बैंक के शेयर बुधवार के कारोबारी सत्र में करीब 10 प्रतिशत तक गिर गए, जब बैंक ने यह घोषणा की कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने महेश मुरलीधर पाई की बैंक के नए मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
बीएसई पर कारोबार के दौरान बैंक के शेयर 9.86 प्रतिशत तक गिरकर 43.02 रुपए के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गए।
खबर लिखे जाने तक (दोपहर करीब 2.40 बजे) बैंक के शेयर 8.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 43.53 रुपए पर ट्रेड करते नजर आए।
बैंक ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि आरबीआई ने महेश मुरलीधर पाई की नियुक्ति को 1 अक्टूबर से प्रभावी तीन वर्ष की अवधि के लिए मंजूरी दे दी है।
बैंक ने कहा कि पाई की नियुक्ति के प्रस्ताव को 16 जुलाई को होने वाली निदेशक मंडल की बैठक में रखा जाएगा।
इसके अलावा, कंपनी अधिनियम, 2013 और सेबी (लिस्टिंग ऑब्लिगेशंस एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स) रेगुलेशंस के तहत इस नियुक्ति के लिए शेयरधारकों की मंजूरी भी आवश्यक होगी।
50 वर्षीय महेश मुरलीधर पाई फिलहाल केनरा बैंक में चीफ जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और वहां डिजिटल बैंकिंग एवं इनोवेशन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
करीब तीन दशक के बैंकिंग अनुभव वाले पाई ने कॉरपोरेट गवर्नेंस, रणनीति, ट्रेजरी, विदेशी मुद्रा, रिटेल बैंकिंग, कृषि और एमएसएमई ऋण जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है। उन्होंने केनरा बैंक में कई महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल का नेतृत्व किया है, जिनमें बैंक के गोल्ड लोन वर्टिकल की स्थापना भी शामिल है। इसके अलावा, वे बैंक के सबसे बड़े जोन में से एक का नेतृत्व भी कर चुके हैं।
एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, पाई वर्तमान में कर्नाटक स्टेट फाइनेंशियल कॉरपोरेशन और केनरा बैंक सिक्योरिटीज लिमिटेड के निदेशक मंडल में भी सदस्य हैं।
बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, साउथ इंडियन बैंक के शेयर का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 49.80 रुपए और निम्नतम स्तर 28.13 रुपए है।
–आईएएनएस
डीबीपी