आईपीएल: पावरप्ले में बल्लेबाजों के होश उड़ा रहे शमी, साल 2023 से निकाले 25 विकेट
हैदराबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के विरुद्ध पावरप्ले में 2 विकेट निकाले। इसी के साथ शमी साल 2023 से अब तक आईपीएल मैच में पावरप्ले के दौरान सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में मोहम्मद शमी ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) को कैच आउट कराया। शमी ने अपने अगले ओवर की शुरुआत ट्रेविस हेड (7) के विकेट के साथ की।
इसी के साथ शमी ने साल 2023 से अब तक पावरप्ले में कुल 25 विकेट हासिल कर लिए। इस दौरान सर्वाधिक विकेट लेने वालों की फेहरिस्त में ट्रेंट बोल्ट शीर्ष पर हैं, जिनके नाम 32 विकेट हैं। शमी के अलावा, भुवनेश्वर कुमार भी इस दौरान 25 विकेट निकाल चुके हैं। मोहम्मद सिराज और दीपक चाहर ने 24-24 विकेट प्राप्त किए हैं।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी एसआरएच की शुरुआत बेहद खराब रही। यह टीम शुरुआती 6 ओवरों के खेल तक 3 विकेट गंवाकर सिर्फ 22 ही रन बना सकी। इस बीच मोहम्मद शमी के अलावा, एक विकेट प्रिंस यादव ने अपने नाम किया।
एलएसजी को इस सीजन अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। यह टीम अंकतालिका में 8वें स्थान पर है। वहीं, 2 में से 1 मैच जीतकर एसआरएच प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर मौजूद है। इस टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपना पहला मैच 6 विकेट से गंवाया, जिसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध 65 रन से जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट के साथ उतरी है।
वहीं, ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स मिशेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव के साथ मैच में खेल रही है।
–आईएएनएस
आरएसजी