संजय उपाध्याय का विपक्ष पर निशाना, कहा- जनादेश खत्म, अब हताशा में मुद्दे खोज रहा विपक्ष

मुंबई, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता संजय उपाध्याय ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी के लिए अहमदाबाद का नाम प्रस्तावित किए जाने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का भारत में स्वागत किया जाना चाहिए, क्योंकि यह हमारे बढ़ते वैश्विक प्रभाव और तैयारियों को दर्शाता है।
उन्होंने आईएएनएस से विशेष बातचीत के दौरान कहा कि भारत अब वैश्विक स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह सक्षम है। जिस तरह कॉमनवेल्थ गेम्स सफलतापूर्वक आयोजित हुए, उसी तरह हमें अब ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि देश में आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल प्रतिभा मौजूद है, और जल्द ही भारत ओलंपिक की मेजबानी करने वाला देश बनेगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का जनादेश समाप्त हो चुका है और अब वह अलग-अलग मुद्दों पर हताशा और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उपाध्याय ने कहा कि जो कभी भारत छोड़ो कहते थे, अब भारत जोड़ो की बात करते हैं, लेकिन जनता उनके साथ नहीं है। देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करता है और हर स्तर पर उनके साथ खड़ा है।
महाराष्ट्र में विपक्षी पार्टियों द्वारा वोटर लिस्ट रिवीजन की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए उपाध्याय ने कहा कि विपक्ष जिस तरह से स्थानीय चुनाव से पहले एकजुट होकर विलाप कर रहा है, वह उनकी हार की स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है और जनता का भरोसा भाजपा पर मजबूत बना हुआ है।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर उपाध्याय ने बताया कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राष्ट्रीय महामंत्री व बिहार चुनाव प्रभारी सभी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उपाध्याय ने कहा कि महाराष्ट्र से भी भाजपा कार्यकर्ता बिहार चुनाव में योगदान देंगे और पार्टी एकजुट होकर विजयी परिणाम लाने के लिए काम कर रही है।
–आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी