सचिन तेंदुलकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, बेटे अर्जुन की शादी में आने का दिया न्यौता


नई दिल्ली, 10 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें अपने बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी में आने का न्यौता दिया।

सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर राष्ट्रपति के साथ सपरिवार मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “पिछली फरवरी में, माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में हमारी मेजबानी की थी। आज जब हम राष्ट्रपति से मिले और उन्हें अर्जुन और सानिया की शादी में बुलाया, तो हमने उन प्यारी यादों में से कुछ को फिर से ताजा कर लिया। आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद, राष्ट्रपति।”

सचिन तेंदुलकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर उन्हें अर्जुन की शादी में आने का न्यौता दिया। सचिन ने पीएम और गृह मंत्री से मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

सचिन तेंदुलकर ने अपने एक्स अकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अर्जुन और सानिया की शादी में आमंत्रित करते हुए बहुत खुशी हुई। प्रधानमंत्री ने युवा जोड़ी को अपना आशीर्वाद दिया, साथ में अच्छी सलाह भी दी। इसके लिए उनका धन्यवाद।”

गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की तस्वीर एक्स पर साझा करते हुए सचिन ने लिखा, “हमने गृह मंत्री अमित शाह को अर्जुन और सानिया की शादी में बुलाया है। हमारे परिवार का इतने प्यार से स्वागत करने के लिए धन्यवाद, हम आपकी शुभकामनाओं की बहुत प्रशंसा करते हैं।”

सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर, बेटे अर्जुन तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और होने वाली बहू सानिया चंडोक के साथ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को बेटे की शादी का निमंत्रण देने पहुंचे थे।

सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर, बेटे अर्जुन तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और होने वाली बहू सानिया चंडोक के साथ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ,गृह मंत्री और राहुल गांधी को बेटे की शादी का निमंत्रण देने पहुंचे थे।

26 साल के बाएं हाथ के पेसर अर्जुन ने पिछले साल अगस्त में बिजनेसमैन रवि घई की पोती सानिया चंडोक से सगाई की थी।

अर्जुन तेंदुलकर की होने वाली पत्नी सानिया चंडोक मुंबई के प्रभावशाली और अमीर परिवार से हैं। वह मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी की पार्टनर और निदेशक के तौर पर काम करती हैं। घई परिवार की हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री में अच्छी-खासी मौजूदगी है, वे इंटरकॉन्टिनेंटल होटल और पॉपुलर आइसक्रीम ब्रांड, ब्रुकलिन क्रीमरी के मालिक हैं।

बाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज अर्जुन तेंदुलकर गोवा की तरफ से बतौर ऑलराउंडर घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने 22 प्रथम श्रेणी मैचों में 48 विकेट लेने के साथ ही 620 रन बनाए हैं। इसके अलावा 23 लिस्ट ए मैचों में 25 विकेट और 155 रन उनके नाम हैं।

अर्जुन आईपीएल का भी हिस्सा हैं। 2021 में मुंबई इंडियंस में वह शामिल हुए थे। 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल में उन्होंने डेब्यू किया था। अब तक आईपीएल के 5 मैचों में वह 3 विकेट ले चुके हैं। आईपीएल 2026 में वह एलएसजी की जर्सी में दिखेंगे।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button