नोएडा में मिशन शक्ति 5.0 के तहत 'रन फॉर एम्पावरमेंट' का आयोजन


नोएडा, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत नोएडा स्टेडियम में ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ का आयोजन किया गया।

इस दौड़ का शुभारंभ नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर 4 से स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मियों, एनजीओ से जुड़ी महिलाओं, स्कूलों की छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

मिशन शक्ति कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और सुरक्षित बनाना है। इस दौड़ के माध्यम से नारी सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश फैलाने के लिए प्रतिभागियों ने विभिन्न जागरूकता प्लेकार्ड्स के साथ स्टेडियम के आसपास के मार्गों पर दौड़ लगाई। यह दौड़ नोएडा स्टेडियम में शुरू होकर आसपास के क्षेत्रों से गुजरी।

जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें जागरूकता अभियान, कल्याणकारी योजनाएं और महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चौपालों का आयोजन भी किया जा रहा है ताकि महिलाओं के सामने आने वाली समस्याओं का तुरंत निदान हो सके। पुरुष पुलिस अधिकारियों द्वारा भी महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए बड़े अभियान चलाए जा रहे हैं।

जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा के मुताबिक, इस आयोजन में शामिल प्रतिभागियों ने नारी सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। एनजीओ और स्कूलों की भागीदारी ने इस कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया। मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस द्वारा किए जा रहे ये प्रयास महिलाओं को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इस दौड़ ने न केवल जागरूकता फैलाई, बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी दिया।

–आईएएनएस

एसएचके/एएस


Show More
Back to top button