एशियन लीजेंड्स लीग से संदीप पाटिल और मदन लाल का इस्तीफा, प्रशासन और पेशेवर रवैये पर जताई चिंता


नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। भारत के पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल और मदन लाल ने एशियन लीजेंड्स लीग से खुद को अलग करने की घोषणा की है। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने लीग के प्रशासन, विश्वसनीयता और पेशेवर रवैये को लेकर गंभीर चिंताओं का हवाला दिया है और कहा है कि उनके लिए खेल के प्रति सम्मान और व्यक्तिगत मूल्यों से कोई समझौता संभव नहीं है।

संदीप पाटिल ने एक वीडियो संदेश में कहा, “गहन विचार-विमर्श के बाद मैंने एशियन लीजेंड्स लीग से औपचारिक रूप से खुद को अलग करने का फैसला किया है। यह निर्णय लीग के प्रशासन, विश्वसनीयता और समग्र पेशेवरपन को लेकर गंभीर चिंताओं के कारण लिया गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “अपने पूरे करियर में ईमानदारी और खेल के प्रति सम्मान मेरे लिए गैर-समझौतावादी मूल्य रहे हैं और मैं हमेशा इन्हीं मूल्यों के साथ खड़ा रहा हूं। इसके अलावा, लीग की तारीखों में लगातार बदलाव भी मुझे बिल्कुल रास नहीं आया।”

वहीं, मदन लाल ने भी लीग के प्रबंधन, भरोसेमंद व्यवस्था और पेशेवर मानकों पर सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने तत्काल प्रभाव से लीग से नाता तोड़ लिया है और आयोजकों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी मंच पर उनके नाम या उनसे जुड़ी किसी भी तरह की संबद्धता का उपयोग न करें।

मदन लाल ने अपने बयान में कहा, “मैंने एशियन लीजेंड्स लीग से तुरंत खुद को अलग करने का निर्णय लिया है और भविष्य में किसी भी रूप में इस लीग से जुड़ा नहीं रहूंगा।”

उन्होंने आगे कहा, “यह फैसला लीग की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, संगठनात्मक विश्वसनीयता और समग्र पेशेवर रवैये को लेकर गंभीर चिंताओं के चलते लिया गया है, जो उन मानकों, मूल्यों और खेल अनुशासन से मेल नहीं खाते, जिनका मैंने भारतीय क्रिकेट में दशकों तक प्रतिनिधित्व किया है।”

गौरतलब है कि इससे पहले लीग के कमिश्नर आकाश चोपड़ा भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि लीग के दूसरे सीजन से उनका किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है।

एशियन लीजेंड्स लीग का दूसरा सीजन 19 जनवरी से 1 फरवरी 2026 के बीच आयोजित होना प्रस्तावित था।

–आईएएनएस

डीएससी


Show More
Back to top button