क्षेत्रीय पार्टियों की पिछलग्गू बन गई है कांग्रेस पर नहीं मिलेगा फायदा: मंत्री दयाशंकर सिंह

पटना, 27 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बीच शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जो आज हाल है, वह किसी से छिपा नहीं है।
कांग्रेस अपने हाल के लिए खुद जिम्मेदार है, क्योंकि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद भी उसने लोगों के लिए कुछ नहीं किया।
दयाशंकर सिंह ने पटना में आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि जिस पार्टी ने देश पर सबसे ज्यादा वर्षों तक शासन किया, आज उसकी स्थिति यह है कि उसे बिहार में राजद के पीछे-पीछे चलना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब क्षेत्रीय पार्टियों की पिछलग्गू बन गई है। हालांकि इससे भी उनका भला नहीं होने वाला है।
पीएम मोदी की ओर से शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत पर जहां 75 लाख महिलाओं ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया है, लेकिन कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने योजना के शुरू होने की टाइमिंग पर सवाल खड़े किए। इस पर यूपी सरकार में मंत्री ने कहा कि उनके बयान देने से कुछ नहीं होता है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
‘आई लव मुहम्मद’ विवाद पर दयाशंकर सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी धर्मों के लोग अपने गुरुओं का सम्मान करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन इसकी आड़ में कानून को हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वे चुनाव से ठीक पहले क्यों जागे हैं? पिछले 20 साल से कौन सरकार में रहा है? उन्होंने पिछले 20 वर्षों में महिलाओं के लिए क्या किया है? उन्होंने अभी इस राशि की घोषणा की है, लेकिन क्या वे इसे हर महीने देंगे? वे इसे किसे देंगे? क्या उन्होंने कुछ कहा है या यह सिर्फ महिला मतदाताओं को वोट देने के लिए पैसे का लालच दिया है?
–आईएएनएस
डीकेएम/वीसी