री-नीट एग्जाम : तैयारी पूरी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बोले- सभी छात्र बिना किसी डर के परीक्षा दें


नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। नीट-यूजी 2026 की परीक्षा रविवार को दोबारा आयोजित की जा रही है। री-नीट परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। नीट की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतिक्रिया सामने आई है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आज दोबारा परीक्षा होने जा रही है। मुझे एनटीए, सभी राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, भारत की शिक्षा व्यवस्था और खासकर देश के छात्रों पर पूरा भरोसा है। लगभग 22 लाख छात्र थोड़ी ही देर में नीट की परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। वे सभी बिना किसी डर या चिंता के परीक्षा दें।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सभी छात्रों को शुभकामना देते हुए कहा कि आप निश्चित रूप से अच्छा करेंगे। सभी छात्रों को मेरी ओर से ढेर सारी शुभकामनाएं। लोगों को देश की व्यवस्था पर भरोसा है और आज भी वह भरोसा बना रहेगा। मुझे उम्मीद है कि यह अटूट विश्वास सदा बरकरार रहेगा।

उन्होंने कहा, “इस मौके पर एक व्यक्ति और एक सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर मेरी गुजारिश है कि कृपया भारत की नई पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करें। इसे मजाक न बनाएं। हम ऐसा कुछ न करें जिससे बच्चों की मानसिक सेहत पर असर पड़े। कुछ ही घंटों में बच्चे अपनी परीक्षा देने जा रहे हैं। मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि कल देश में कुछ तथाकथित जिम्मेदार लोगों ने बच्चों के प्रति गलत इरादों और गलत मकसदों के साथ व्यवहार किया।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मैं उनसे अपील करता हूं कि अगर आप खुद को जिम्मेदार मानते हैं, अगर आप खुद को देश का सच्चा नागरिक मानते हैं, अगर आप देश के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो कृपया जिम्मेदारी लें। देशभर के बच्चों की मुश्किलें न बढ़ाएं। आपसे मेरी यही अपील है।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि नीट की परीक्षा आज हो जाएगी और जल्द ही सीबीएसई की ओर से भी बचे रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा, “मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारी ओर से बच्चों के लिए कोई भी अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।”

नीट की दोबारा परीक्षा को लेकर बीजापुर के एएसपी अमन कुमार झा ने कहा कि 21 जून को बीजापुर के एजुकेशन सिटी स्थित नवोदय स्कूल में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) आयोजित किया जाएगा। इस केंद्र पर कुल 263 छात्र नीट परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की देखरेख में आयोजित की जाएगी। पूरा परीक्षा केंद्र सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। परीक्षा के मद्देनजर पुलिस के सैकड़ों जवानों और ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम


Show More
Back to top button