सीएसके के खिलाफ 'छक्कों' के साथ आरसीबी ने बनाया रिकॉर्ड, आईपीएल इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा


बेंगलुरु, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 250 रन बनाए। आरसीबी ने सीएसके के खिलाफ आईपीएल में छक्कों का नया रिकॉर्ड बना दिया है।

आरसीबी के बल्लेबाजों ने सीएसके के खिलाफ इस मुकाबले में कुल 19 छक्के लगाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का रिकॉर्ड तोड़ा। केकेआर ने साल 2018 और 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक मुकाबले में 17 छक्के लगाए थे। आरसीबी के बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में चौकों से ज्यादा छक्के लगाए। टीम के बल्लेबाजों ने सीएसके के खिलाफ इस मुकाबले में 14 चौके और 19 छक्के लगाए।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी टीम को फिल साल्ट और विराट कोहली ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए मिलकर 37 रन जोड़े। कोहली 18 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, साल्ट ने 30 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 46 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 29 गेंदों में 50 रन बनाए। वहीं, रजत पाटीदार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 252 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 48 रन बनाए।

टिम डेविड ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों का सामना करते हुए 70 रनों की धमाकेदार पारी खेली। डेविड ने अपनी इस पारी में 280 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 3 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए। डेविड और रजत ने चौथे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 99 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज इस मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए। अंशुल कंबोज ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ एक विकेट लेकर 52 रन खर्च किए। वहीं, नूर अहमद ने 4 ओवर में 49 रन दिए, जबकि खलील अहमद ने 37 रन खर्च किए। मैट हेनरी लगातार तीसरे मुकाबले में महंगे साबित हुए और उन्होंने 3 ओवर में ही 36 रन खर्च कर डाले।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Show More
Back to top button