पीएम मोदी की 'आध्यात्मिक शक्ति' के कायल हुए रवि किशन, 'मामला लीगल है सीजन 2' के ट्रेलर लॉन्च पर की सराहना

मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। रवि किशन और बाकी स्टारकास्ट की मस्ती भरी सीरीज ‘मामला लीगल है सीजन 2’ एक बार फिर दस्तक देने के लिए तैयार है।
हाल ही में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च रखा गया, जहां रवि किशन समेत पूरी स्टारकास्ट को देखा गया। इसी बीच सीजन-2 से जुड़ी कई बातें हुईं, लेकिन इसी बीच रवि किशन ने देश के प्रधानमंत्री की खुलकर तारीफ की और बताया कि उनकी सबसे शक्तिशाली पावर क्या है।
दरअसल, ‘मामला लीगल है सीजन 2’ के ट्रेलर के दौरान अभिनेता से सवाल किया गया कि अगर पीएम मोदी पर जुर्माना लगाकर उनकी कुछ खास चीजों को बांटने का मौका मिले तो आप उनकी किन शक्तियों को बांटना पसंद करेंगे। इस सवाल का जवाब देते हुए अभिनेता ने कहा, “मैं कई सालों से उनके नेतृत्व में काम कर रहा हूं और उनसे काफी कुछ सीखने को मिला है। उनके अंदर आध्यात्मिक और नेतृत्व की शक्ति बहुत ज्यादा है। उन्होंने हमेशा खुद को पीछे रखकर राष्ट्र को सर्वोपरि माना है।
अभिनेता आगे कहते हैं, “पीएम हमेशा कहते हैं कि उनकी फिटनेस का राज गालियां है। रोज उन्हें ढेर सारी गालियां सुनने के मिलती है और यही कारण है कि वो उर्जावन रहते हैं, तो मेरा उनसे निवेदन है कि वे अपनी आध्यात्मिक शक्ति को युवाओं में बांटे, जिससे सभी युवाओं को पता चले कि वे कैसे 9 दिन तक गर्म पानी और लौंग पर रह लेते हैं। उनकी आध्यात्मिक शक्ति का कोई तोड़ नहीं है।
इसके अलावा रवि किशन ने ‘मामला लीगल है सीजन 2’ के बारे में खुलकर बात की। अभिनेता के मुताबिक इस बार सिर्फ कोर्टरूम ड्रामा नहीं बल्कि ढेर सारा प्यार और इमोशनल कहानी भी देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि इस बार वी.डी. त्यागी, यानी रवि किशन, वकील नहीं, जज बनकर फैसले सुनाने वाले हैं। अपना अनुभव शेयर कर उन्होंने बताया कि “इस किरदार में दोबारा लौटना मेरे लिए घर लौटने जैसा अनुभव है। यह कोर्टरूम थोड़ा पागलपन भरा जरूर है, लेकिन उतना ही प्यारा भी है। पहले सीजन को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी और किसी भी कलाकार के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं होती कि उसका निभाया हुआ किरदार लोगों के दिलों में बस जाए।”
–आईएएनएस
पीएस/एएस