रश्मिका-विजय ने शेयर कीं शादी की खूबसूरत तस्वीरें, फैंस के साथ साझा कीं खास बातें


मुंबई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। शादी के बाद रश्मिका और विजय ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना पहला पोस्ट शेयर किया, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

कपल ने फैंस के इंतजार पर विराम लगाते हुए अपनी शादी की पुष्टि की और खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं, जो कि मिनटों में ही वायरल हो गया। विजय ने तस्वीरें शेयर करते हुए पोस्ट कैप्शन में लिखा, “एक दिन मुझे उसकी याद आने लगी। मुझे उसकी इतनी याद आ रही थी कि ऐसा लग रहा था जैसे वो मेरे साथ होती तो मेरा दिन और भी अच्छा बीतता। जैसे वो मेरे सामने बैठी होती तो मेरा खाना और भी पौष्टिक लगता।”

उन्होंने आगे लिखा, “जैसे ही वह मेरे साथ वर्कआउट करती, तो वर्कआउट और भी मजेदार और कम बोझिल लगता। जैसे मुझे उसकी जरूरत थी—बस घर जैसा सुकून और शांति महसूस करने के लिए चाहे मैं कहीं भी रहूं। तो मैंने 26 मार्च को अपनी सबसे अच्छी दोस्त को अपनी पत्नी बना लिया।”

वहीं, रश्मिका ने भी इंस्टाग्राम पर शादी संपन्न होने की पुष्टि करने के साथ अपने खास दिन की यादगार तस्वीरों को शेयर किया और पोस्ट कैप्शन में लिखती है, “हाय मेरे प्यारे दोस्तों, मिलिए आप सभी ‘मेरे पति’ विजय देवरकोंडा से। वो इंसान जिन्होंने मुझे सच्चे प्यार का एहसास कराया, वो इंसान जिन्होंने मुझे शांति का अनुभव कराया, वो इंसान जिन्होंने मुझे हर दिन कहा कि बड़े सपने देखना बिल्कुल ठीक है और हमेशा मुझे भरोसा दिलाया कि मैं अपनी कल्पना से भी कहीं ज्यादा हासिल कर सकती हूं। वो इंसान जिसने मुझे कभी भी बेफिक्र होकर नाचने से नहीं रोका, वो इंसान जिसने मुझे दोस्तों के साथ घूमना-फिरना सिखाया, और यकीन मानिए, मैं इस इंसान पर एक किताब लिख सकती हूं।”

अभिनेत्री आगे लिखती हैं, “मैं आज वो औरत बन गई हूं, जिसका मैंने हमेशा सपना देखा था, क्योंकि आपने ही मुझे वो बनाया है जो मैं आज हूं। मैं सचमुच बहुत भाग्यशाली हूं। विज्जु, तुम्हारे लिए मेरे दिल में जो प्यार है उसे बयां करने के लिए मेरे पास शब्द कम पड़ जाते हैं। मैंने हमेशा तुमसे ये कहा है कि तुम्हें पता है, अचानक मेरी सारी उपलब्धियां, संघर्ष, खुशियां, दुख, आनंद, जिंदगी- सब कुछ अब ज्यादा मायने रखता है, क्योंकि तुम मेरे साथ हो, इन सब के साक्षी। इन सबका सबसे बड़ा हिस्सा।”

वह आगे लिखती हैं, “मैं तुम्हारी पत्नी बनने के लिए बहुत उत्साहित हूं—तुम्हारी पत्नी बनने के लिए, तुम्हारी पत्नी कहलाने के लिए! अब तो पार्टी का पूरा माहौल है। चलो साथ मिलकर सबसे बेहतरीन जिंदगी जिएं। मैं तुमसे प्यार करती हूं।”

फैंस जोड़ी पर भर-भरके अपना प्यार और आशीर्वाद लुटा रहे हैं।

–आईएएनएस

डीके/डीकेपी


Show More
Back to top button