भाजपा नेताओं की सरपरस्ती में हरियाणा के सात जिलों में फिरौती गैंग सक्रिय : आप

भाजपा नेताओं की सरपरस्ती में हरियाणा के सात जिलों में फिरौती गैंग सक्रिय : आप

कुरुक्षेत्र, 10 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कुरुक्षेत्र में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुराग ढांडा ने कहा कि प्रदेश में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कभी व्यापारियों पर अंधाधुंध फायरिंग की जा रही है तो कहीं भाजपा के ही कार्यकर्ता के घर पर भी फायरिंग की गई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब सात जिलों में फिरौती गैंग सक्रिय है। लेकिन, प्रदेश की सरकार इन आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से नाकाम है। या तो भाजपा के नेताओं की सरपरस्ती में इस तरह के गैंग सक्रिय हो रहे हैं या फिर पुलिस के बड़े अधिकारियों की शह पर इस तरह के गैंग चल रहे हैं। प्रदेश में कहीं ना कहीं अंडरवर्ल्ड जैसा माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से नायब सैनी मुख्यमंत्री बने हैं, तब से वह अपनी सरकार को नहीं संभाल पा रहे, ना ही प्रदेश में कोई गृहमंत्री है और न ही मुख्यमंत्री प्रदेश को संभाल पा रहे हैं।

राई विधानसभा से विधायक मोहनलाल बडोली को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा हारे हुए उम्मीदवार को पद देकर इनाम दे रही है। हारे हुए उम्मीदवार को विशेष सम्मान देने पर पार्टी में भी खिलाफत हो जाती है, क्योंकि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को तवज्जों नहीं मिलती।

–आईएएनएस

एकेएस/एबीएम

E-Magazine