हसरतें सीजन 4 के लिए तैयार रानी चटर्जी, साड़ी पहन खुद की तारीफ में पढ़े कसीदे


मुंबई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री रानी चटर्जी अक्सर फैंस के साथ अपनी जिंदगी और काम से जुड़ी जानकारी शेयर करती रहती हैं। अभिनेत्री ने गुरुवार को कुछ ऐसा ही करते हुए वीडियो शेयर किया।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में रानी चटर्जी शूट के लिए तैयार हो रही हैं। वे साड़ी पहने हुए अपने बालों को बनाती नजर आ रही हैं। वहीं, बैकग्राउंड में रानी ने कुमार सानू का रोमांटिक गाना ‘कितना हसीन चेहरा’ ऐड किया। रानी ने फैंस को अपने अगले प्रोजेक्ट की हिंट देते हुए लिखा, “आइए, हम खुद की तारीफ करें और अपनी मेहनत का जश्न मनाएं। हसरतें सीजन 4 के लिए तैयार हो जाइए।”

फैंस को रानी का ये पोस्ट पसंद आ रहा है। वे कयास लगा रहे हैं कि हसरतें के अगले सीजन में रानी नजर आएंगी। यह सीरीज पहले भी काफी लोकप्रिय रही है और फैंस लंबे समय से इसके नए सीजन का इंतजार कर रहे थे।

रानी भोजपुरी सिनेमा की नामी अभिनेत्री हैं। उन्होंने न सिर्फ हिट फिल्में दी हैं, बल्कि अपने अभिनय और सादगी भरे अंदाज से दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखती हैं। ‘हसरतें’ एक इमोशनल और ड्रामा से भरी कहानी है, जिसमें रिश्तों की गहराई दिखाई जाती है। पिछले सीजन में इसने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था। अब सीजन 4 में रानी की एंट्री से यह और भी रोमांचक होने वाली है।

रानी अपने अभिनय के साथ फिटनेस पर भी काफी ध्यान देती हैं। सोशल मीडिया पर वे अक्सर जिम में एक्सरसाइज करते हुए वीडियो और फोटोज शेयर करती रहती हैं। इन दिनों रानी अपने कई प्रोजेक्ट को लेकर व्यस्त चल रही हैं। वहीं, कुछ प्रोजेक्ट रिलीज हो चुके हैं तो कुछ लाइन पर हैं। अभी हाल ही में उनकी फिल्म ‘परिणय सूत्र’ रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों से काफी प्यार मिला था।

अभिनेत्री जल्द ही फिल्म ‘यूपी वाली-बिहार वाली’ में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। फिल्म में रानी के साथ संजना भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा, फिल्म में प्रशांत सिंह, आलोक सिंह राजपूत, ललित उपाध्याय, विद्या सिंह, स्वेता वर्मा और गोपाल चौहान जैसे स्टार्स नजर आएंगे।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Show More
Back to top button