राजशरण एबीवीपी के अध्यक्ष और याज्ञवल्क्य महामंत्री निर्वाचित हुए

राजशरण एबीवीपी के अध्यक्ष और याज्ञवल्क्य महामंत्री निर्वाचित हुए

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। राजशरण शाही और याज्ञवल्क्य शुक्ल, छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में सत्र 2023-24 हेतु पुनर्निर्वाचित हुए हैं। यह घोषणा गुरुवार को अभाविप केन्द्रीय कार्यालय से की गई।

अभाविप के केन्द्रीय कार्यालय से चुनाव अधिकारी डॉ. सी.एन. पटेल द्वारा जारी वक्तव्य के अनुसार उपरोक्त दोनों पदों का कार्यकाल एक वर्ष रहेगा एवं दोनों पदाधिकारी दिल्ली में दिनांक 7, 8, 9 व 10 दिसम्बर, 2023 को होने वाले 69वें राष्ट्रीय अधिवेशन में अपना पदग्रहण करेंगे।

राजशरण शाही मूलत: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से हैं। शाही ने शिक्षाशास्त्र में पीएचडी की है। वर्तमान में वे बाबासाहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ में शिक्षाशास्त्र विभाग में सह-आचार्य के पद पर कार्यरत हैं।

विद्यार्थी परिषद के आशुतोष सिंह ने बताया कि राजशरण शाही ने अब तक छह पुस्तकों का लेखन व संपादन किया है। अभी तक 109 से अधिक शोधपत्र एवं लेख राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं एवं संगोष्ठियों में रखे जा चुके हैं। साथ ही शिक्षा से जुड़े विषयों पर दैनिक पत्रों में राजशरण शाही के लेख प्रकाशित हुए हैं। वह प्रतिष्ठित भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला में असोसिएट रहे हैं।

वहीं, महामंत्री निर्वाचित हुए याज्ञवल्क्य शुक्ल मूलत: झारखंड के गढ़वा जिले से हैं। उनकी शिक्षा रांची विश्वविद्यालय से भूगोल विषय में पीएचडी तक हुई है। एबीवीपी परिषद के मुताबिक उनका शोध झारखंड के पलामू प्रमंडल में कोरबा जनजाति का सांस्कृतिक भूगोलीय अध्ययन विषय पर हुआ है।

शुक्ल ने नीलाम्बर-पिताम्बर विश्वविद्यालय से भूगोल विषय में परास्नातक में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। याज्ञवल्क्य, जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय, गढ़वा के निर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष तथा रांची विश्वविद्यालय के निर्वाचित छात्रसंघ उपाध्यक्ष रहे हैं।

–आईएएनएस

जीसीबी/एबीएम

E-Magazine