जज के सामने कभी नहीं रोया, सोशल मीडिया की खबरें मनगढ़ंत : राजपाल यादव


मुंबई, 4 मार्च (आईएएनएस)। कॉमिडियन और अभिनेता राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्होंने जज के सामने रोते हुए कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं।

एक्टर ने आईएएनएस से खास बातचीत में साफ कहा कि वह जज के सामने कभी नहीं रोए और न ही कोर्ट को कभी बताया कि उनके पास पैसे नहीं हैं। उन्होंने इन दावों को पूरी तरह मनगढ़ंत और गलत बताया। राजपाल ने कहा, “सोशल मीडिया पर जो खबरें चल रही हैं, उनमें से कुछ शुभचिंतक फैला रहे हैं, जबकि ज्यादातर वे लोग हैं जिन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं है। वे बस इंटरनेट पर फैक्ट्स को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और अपनी दुकानें चला रहे हैं। मैं सबकी इज्जत करता हूं, लेकिन ऐसी अफवाहों पर यकीन न करें।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर कोई राजपाल के चेहरे को देखता है, तो उसे सिर्फ हंसी आनी चाहिए। इससे ज्यादा की उम्मीद न करें। मेरा चेहरा हमेशा हंसी-खुशी का प्रतीक रहा है और रहेगा।”

राजपाल ने इस दौरान मुश्किल समय में मिले सहारे की भी बात की। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में इंडस्ट्री के कई लोग उनके साथ खड़े हुए और उनकी मदद की। हालांकि, सोशल मीडिया पर उन लोगों के नाम ज्यादा हाईलाइट नहीं हुए। एक्टर ने कहा कि परिवार से भी उन्हें लगातार मजबूत समर्थन मिल रहा है, जो उनके लिए सबसे बड़ा सहारा है।

गौरतलब है कि राजपाल यादव को हाल ही में चेक बाउंस के एक मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी। कोर्ट ने उन्हें अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए 18 मार्च तक की अंतरिम बेल दी। सुनवाई के दौरान राजपाल के वकील ने कोर्ट को सूचित किया कि एक्टर ने 1.5 करोड़ रुपए का डिमांड ड्राफ्ट जमा कर दिया है। साथ ही, उन्हें अपना पासपोर्ट भी सरेंडर करने का निर्देश दिया गया। इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को निर्धारित है।

‘भूल भुलैया’ और कई हिट कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर राजपाल यादव ने स्पष्ट किया कि वह कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह सम्मान कर रहे हैं और अफवाहों से दूर रहकर अपनी जिंदगी को हंसी-खुशी के साथ जीना चाहते हैं।

–आईएएनएस

एमटी/डीएससी


Show More
Back to top button