राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री चुने जाने पर रेखा गुप्ता को दी बधाई

नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री चुने जाने पर शालीमार बाग विधायक रेखा गुप्ता को बुधवार को बधाई दी। वह गुरुवार को रामलीला मैदान में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगी।
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले शीला दीक्षित, सुषमा स्वराज और आतिशी इस पद पर रह चुकी हैं। बुधवार शाम भाजपा विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों की स्वीकृति मिल गई।
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “दिल्ली में रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और उनके प्रयासों से दिल्ली विकसित भारत की विकसित राजधानी बनेगी, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है।”
नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली में भाजपा विधायक दल की नेता और मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता के चयन पर उनका हृदय से अभिनंदन। रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली प्रगति में देश का अभिमान होगा, यह मुझे विश्वास है।”
योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आपका नेतृत्व दिल्ली की प्रगति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और दिल्ली का सर्वस्पर्शी तथा सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।”
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होगा। रेखा गुप्ता बतौर मुख्यमंत्री शपथ लेंगी।
–आईएएनएस
एकेएस/एकेजे