एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी: पंजाब पहली बार करेगा मेजबानी, सीएम भगवंत मान ने की तैयारियों की समीक्षा बैठक

चंडीगढ़, 21 मई (आईएएनएस)। पंजाब पहली बार ‘मेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी’ की मेजबानी करने जा रहा है, जिसकी तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ बैठक की।
सीएम भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “आज इंडियन हॉकी फेडरेशन के अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक हुई, जिसमें पंजाब में होने वाली ‘एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी’ की तैयारियों की समीक्षा की गई।”
उन्होंने कहा, “पंजाब हमेशा से ही हॉकी की नर्सरी रहा है। हमारी धरती पर ऐसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी से हमारे युवाओं को खेलों से जुड़ने की और भी अधिक प्रेरणा मिलेगी। इस वैश्विक आयोजन के लिए भव्य इंतजाम, सुरक्षा और खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा देने के लिए ‘आप की सरकार’ पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। आइए, हम सभी मिलकर खेलों के क्षेत्र में एक बार फिर से ‘वाइब्रेंट पंजाब’ का निर्माण करें।”
एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का आयोजन अक्टूबर से नवंबर के बीच मोहाली और जालंधर में होगा, जिसमें 6 एशियन टीमें हिस्सा लेंगी। पंजाब में इस टूर्नामेंट के आयोजन का उद्देश्य राज्य में अंतरराष्ट्रीय हॉकी को बढ़ावा देना और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाना है। यह आयोजन पंजाब में लगभग दो दशकों के बाद एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की वापसी का प्रतीक है।
पंजाब सरकार ने राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए 2026-27 के बजट में खेलों के लिए ऐतिहासिक 1,791 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। इससे पहले बजट 350 करोड़ रुपए था। कोचों की संख्या 500 से बढ़ाकर 2,458 की गई है। 48 महान खिलाड़ियों को कोच के रूप में नौकरी दी गई है।
–आईएएनएस
आरएसजी